India TV Fact Check: मध्य प्रदेश में आज विधानसभा चुनावों के लिए मतदान हो चुका है। लेकिन सोशल मीडिया पर अभी भी राज्य के नेताओं के बयानों से जुड़े वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसके साथ दावा किया जा रहा है कि दिग्विजय ने कहा है कि गोमांस खाने में कोई खराबी नहीं है। लेकिन जब हमने इस वीडियो का फैक्ट चेक किया तो दिग्विजय का ये बयान भ्रामक निकला।
Related Stories
क्या हो रहा वायरल?
दरअसल, फेसबुक पर BJP Kasarwad नाम के एक पेज पर ये वीडियो शेयर किया गया है। 9 नवंबर 2023 को इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है,
"दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान-
गाय जो है ऐसा पशु है, जो खुद के मल में लोट लेती है वो कहां से हमारी माता हो सकती है और उसका गौ मांस खाने में कोई खराबी नहीं है।
यही है सनातन विरोधी कांग्रेस का असली सच, वोट देने से पहले एक बार सोचना जरूर"
(कैप्शन को जस का तस लिखा गया है)

इस वीडियो में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह भी यही कहते हुए दिख रहे हैं जो कैप्शन में लिखा है। इसी दावे और कैप्शन के साथ फेसबुक पर और भी कई यूजर्स ने दिग्विजय के इस वीडियो को शेयर किया है। इस वीडियो के साथ लगभग सभी यूजर्स कांग्रेस को घेर रहे हैं।
इंडिया टीवी ने किया फैक्ट चेक
जब हमने इस वीडियो को ध्यान से सुना तो ये क्लिप अधूरी लग रही थी। इस 13 सेकेंड की वीडियो में दिग्विजय का बयान किसी अधूरी बात से शुरू हो रहा है और इससे पहले वह अपना बयान खत्म करते, वीडियो काट दिया गया। लिहाजा हमें इसके एडिटेड होने का शक हुआ। इसके बाद हमने गूगल पर कीवर्ड की मदद से दिग्विजय के गोमांस वाले बयान से जुड़ी खबर सर्च की।
इस दौरान हमें नवभारत टाइम्स की खबर मिली जो 25 दिसंबर 2021 को प्रकाशित की गई थी। इस खबर में दिग्विजय सिंह का वह पूरा बयान था जिसे काटकर वायरल किया जा रहा है। NBT की इस खबर में लिखा है, "कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि वीर सावरकर ने अपनी किताब में लिखा है कि गाय ऐसा पशु है, जो खुद के मल में लोट लेती है, वह कहां से हमारी माता हो सकती है, उसके गोमांस खाने में कोई खराबी नहीं है। दिग्विजय सिंह ने सावरकर के बारे में दावा करते हुए कहा, 'सावरकर ने अपनी किताब में लिखा है कि हिंदू धर्म का हिंदुत्व के साथ कोई संबंध नहीं है। इतना ही नहीं सावरकर ने अपनी किताब में लिखा है कि गोमांस खाने में कोई परहेज नहीं है।"

दिंग्विजय का पूरा बयान मिला
नवभारत टाइम्स की इस खबर में हमें दिग्विजय का पूरा बयान भी मिला जो ANI ने ट्वीट किया था। इस बयान में दिग्विजय सिंह बीजेपी पर ही हमला करते हुए वीर सावरकर की एक किताब का हवाला देकर ये कह रहे हैं कि गाय हमारी माता नहीं हो सकती और गाय का मांस खाने में कोई दिक्कत नहीं है।
फैक्ट चेक में क्या निकला
इंडिया टीवी के फैक्ट चेक में ये साफ हुआ कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने गोमांस खाने वाली बात वीर सावरकर की किताब का हवाला देते हुए कही है। दिग्विजय सिंह ने ये बयान 25 दिसंबर 2021 को दिया था।
ये भी पढ़ें-
Fact Check: डबल सेंचुरी के बाद मैक्सवेल ने नहीं छुए सचिन के पैर, एडिटेड निकली वायरल फोटो
Fact Check: असली नहीं है अफगानी महिलाओं की नीलामी का ये वीडियो, स्ट्रीट प्ले का है दृश्य