गुजरात के गोधरा शहर के इतिहास में पहली बार किसी मुस्लिम इलाके में हिंदू महिला ने विजय प्राप्त की है। आजादी के बाद गोधरा शहर में बार-बार सांप्रदायिक दंगे होते थे और यह दंगे सन 2002 तक लगातार चले आ रहे थे। वार्ड नंबर 7 पूरा मुस्लिम इलाका है, वहां एक भी मतदाता हिंदू नहीं है लेकिन इसके बाद भी इस इलाके में एक सोनी समाज की हिंदू महिला ने चुनाव जीत कर एक रिकॉर्ड बनाया है। अपेक्षा सोनी ने वार्ड नंबर 7 से जीत हासिल की है।
जीत के बाद क्या बोलीं अपेक्षा सोनी?
अपेक्षा सोनी का यह मानना है कि गोधरा में कई बार दंगे हुए लेकिन इस बार मुस्लिम समाज ने मुझ पर भरोसा करके मुझे चुनाव जितवा के अब एक कौमी एकता की मिसाल कायम की है, जो एक सराहनीय काम है। जिन लोगों ने मुझे वोट देकर मुझ पर विश्वास रखा है मैं जरूर उनके इलाकों में जो भी प्राथमिक दिक्कतें होगी, उन्हें पूरा करने की जिम्मेवारी निष्ठा से निभाऊंगी।
गुजरात निकाय चुनाव में ओवैसी की धमाकेदार एंट्री
बता दें कि गुजरात में 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए रविवार को वोटिंग हुई थी और चुनाव के नतीजे आज जारी किए जा रहे हैं। पूरे राज्य में लगभग 10,000 सीटों के लिए चुनाव हुआ था और 25,000 से अधिक उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम मशीनों में कैद है और आज रिजल्ट जारी हो रहा है।
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने गुजरात निकाय चुनाव में जबरदस्त एंट्री की है। दिंद्रोल तालुका पंचायत सीट में AIMIM के उम्मीदवार ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को हराकर जीत दर्ज की है। वहीं सिद्धपुर पंथक में पहली बार AIMIM का खाता खुला है और अब्बास अलीमद असामी को 1877 वोटों से दिंद्रोल तालुका पंचायत सीट का विजेता घोषित किया गया है।
(रिपोर्ट- दक्षेस शाह)
यह भी पढ़ें-
गुजरात निकाय चुनावः काठलाल और कुटियाना में न BJP, न ही कांग्रेस, अखिलेश यादव की सपा ने दर्ज की जीत
Surat Nagar Nikay Election Result LIVE: सूरत में भाजपा को बड़ी जीत, AAP का भी खुल गया खाता