1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद में कार और SUV के बीच टक्कर में 5 लोगों की मौत, मृतकों में 3 भाई भी शामिल

अहमदाबाद में कार और SUV के बीच टक्कर में 5 लोगों की मौत, मृतकों में 3 भाई भी शामिल

 Published : May 12, 2025 06:32 pm IST,  Updated : May 12, 2025 07:10 pm IST

गुजरात के अहमदाबाद जिले के धोलेरा कस्बे के पास एसयूवी और कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन भाई शामिल हैं।

अहमदाबाद में कार और SUV के बीच टक्कर- India TV Hindi
अहमदाबाद में कार और SUV के बीच टक्कर Image Source : INDIA TV

अहमदाबादः गुजरात के अहमदाबाद जिले के धोलेरा कस्बे के पास सोमवार को एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) की एक कार से टक्कर हो जाने से तीन भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। 

धोलेरा थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर करीब तीन बजे संधेड़ा गांव के पास हुई, जिसमें तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि अहमदाबाद को भावनगर से जोड़ने वाले राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार एसयूवी विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गई।

हादसे में पांच लोगों की मौत, चार घायल

स्कॉर्पियो कार में कुल छह पुरुष सवार थे। इनमें से तीन भाई और एक उनका एक चचेरा भाई मारे गए हैं। आमने-सामने की टक्कर में एक महिला और चार पुरुष समेत कुल 5 लोगों की मौत हुई है। जबकि बच्चों सहित चार लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो कार में सवार लोग मूल रूप से भावनगर जिले के महुवा तालुका के निवासी थे और वर्तमान में अहमदाबाद के साइंस सिटी क्षेत्र में रह रहे थे। वहीं, किया कार में सवार लोग भावनगर के पालीताणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद सड़क पर ट्रैफिक जाम

यह हादसा उस समय हुआ जब भावनगर की ओर से आ रही किया कार और धोलेरा की ओर से भावनगर जा रही स्कॉर्पियो कार के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे के चलते सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। धोलेरा पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत इलाज के लिए भावनगर के अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

धोलेरा-भावनगर हाइवे पर लगातार हो रहे हादसे

धोलेरा-भावनगर हाइवे पर वर्तमान में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है, जो काफी अव्यवस्थित तरीके से हो रहा है। इसी कारण इस मार्ग पर पिछले कुछ समय से कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं। आज का हादसा भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है। सांढीड़ा के पाटिया के पास भावनगर की ओर से आ रही किया कार और धोलेरा की ओर जा रही स्कॉर्पियो के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पलट कर सड़क से नीचे जा गिरी।  

रिपोर्ट- महेंद्र प्रसाद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।