1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. सीएम नायब सिंह सैनी ने किया योगाभ्यास, लोगों से योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील

सीएम नायब सिंह सैनी ने किया योगाभ्यास, लोगों से योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील

 Published : Jun 21, 2024 02:46 pm IST,  Updated : Jun 21, 2024 02:52 pm IST

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर सीएम नायब सिंह सैनी ने भी योग किया।

सीएम नायब सिंह सैनी ने किया योगाभ्यास - India TV Hindi
सीएम नायब सिंह सैनी ने किया योगाभ्यास Image Source : X@NAYABSAINIBJP

चंडीगढ़:  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को लोगों से बीमारियों से बचने के लिए योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया। हिसार में एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योग जीवन जीने का एक तरीका है। उन्होंने कहा कि अगले दो महीनों में राज्य सरकार 100 और स्थानों पर 'व्यायामशालाएं' खोलेगी जहां प्रशिक्षकों की देखरेख में लोग प्रतिदिन योग का अभ्यास कर सकेंगे।

योग से जीवन को बना सकते हैं स्वस्थः सीएम

उन्होंने कहा, "योग से हम बीमारियों को दूर रख सकते हैं। हमने कोविड महामारी के समय में भी देखा कि किस तरह वैक्सीन बनने से पहले योग ने लोगों को काफी लाभ पहुंचाया। सैनी ने कहा कि अब अधिकतर लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व इस दिन को त्यौहार के रुप में मना रहा है। 

पीएम मोदी और योग गुरु रामदेव की तारीफ

उन्होंने कहा कि योग गुरु रामदेव ने इसे जन-जन तक पहुंचाया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे विश्व स्तर पर एक अलग पहचान दी। मुख्यमंत्री ने कहा, "जब हम योग करते हैं तो यह हमें सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ नागरिक एक स्वस्थ समाज में योगदान देता है, जो बदले में विकास को गति देने में मदद करता है। 

कई मंत्रियों ने भी किया योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यकम में लोगों के साथ मुख्यमंत्री ने सफेद टी शर्ट पहनकर कई योग आसन किए। राज्य के गृह मंत्री कमल गुप्ता भी उन लोगों में शामिल हैं जो उस कार्यक्रम में मौजूद थे। प्रदेश भर से योगाभ्यास करने की सूचना है। राज्य में बड़ी संख्या में लोगों ने आज सुबह योग किया। इनमें सरकारी विभागों के कर्मचारी भी शामिल रहे। बता दें कि आज पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जा रहा है।

इनपुट-भाषा  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।