1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. एलोवेरा का जूस कितने दिन पीना चाहिए, जानिए सही समय और पीने का सही तरीका क्या है?

एलोवेरा का जूस कितने दिन पीना चाहिए, जानिए सही समय और पीने का सही तरीका क्या है?

 Written By: Bharti Singh
 Published : Jul 10, 2024 01:31 pm IST,  Updated : Jul 10, 2024 01:31 pm IST

Aloe Vera Juice Benefits: एलोवेरा का इस्तेमाल पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है। एलोवेरा जेल का इस्तेमाल त्वचा और बालों पर किया जाता है, लेकिन पेट के लिए इसका जूस भी बहुत फायदेमंद होता है। जानिए एलोवेरा जूस कब, कैसे और कितने दिन पीना चाहिए?

Aloe Vera Juice- India TV Hindi
Aloe Vera Juice Image Source : FREEPIK

एलोवेरा एक औषधीय गुणों से भरपूर पौधा है। आजकल ज्यादातर घरों में एलोवेरा के पेड़ लगे हुए मिल जाएंगे। इसे मेंटेन करना बहुत ही आसान है और फायदे अनगिनत है। एलोवेरा जेल का इस्तेमाल बालों और त्वचा पर किया जाता है। अगर आप एलोवेरा का जूस (Aloe Vera Juice) निकालकर पीते हैं तो इससे पेट को भी फायदा होता है। वजन घटाने में एलोवेरा जूस मदद करता है। एलोवेरा जूस पीने से पाचन मजबूत होता है और मेटाबॉलिज्म तेज होता है। जो लोग रोजाना एलोवेरा जूस पीते हैं उनकी रोगप्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है। अब सवाल उठता है कि क्या हम रोजाना एलोवेरा का जूस पी सकते हैं। एलोवेरा का जूस किस वक्त और कैसे पीना चाहिए?

एलोवेरा का जूस कितने दिन पीना चाहिए? 

आप रोजाना एलोवेरा का जूस पी सकते हैं। लेकिन ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी मात्रा में जूस पी रहे हैं। हर दिन एलोवेरा जूस पीना ठीक है, लेकिन तब जब आप 2-4 चम्मच ही पी रहे हैं। शुरूआत में आपको 2 चम्मच जूस ही पीना चाहिए और चेक करना चाहिए कि आपका शरीर इसे कैसे पचाता है। ज्यादा मात्रा में एक साथ एलोवेरा का जूस पीने से नुकसान हो सकते हैं।

किस समय पीना चाहिए एलोवेरा जूस?

एलोवेरा जूस पीने का वैसे ऐसा कोई खास समय नहीं है। कुछ लोग सुबह खाली पेट एलोवेरा का जूस पीते हैं तो कुछ लोग खाने के पहले एलोवेरा जूस लेते हैं। कई बार जिन लोगों को एसिड बनता है वो रात में एलोवेरा जूस लेना पसंद करते हैं।

कैसे पीना चाहिए एलोवेरा का जूस?

एलोवेरा का जूस कुछ लोग ऐसे ही 2-4 चम्मच पी लेते हैं। अच्छा होगा कि आप इसमें 4 चम्मच एलोवेरा का जूस और 4 चम्मच पानी मिलाकर पीएं। कई बार लोग एलोवेरा और आंवला का जूस मिलाकर भी पीते हैं। अगर आप ऐसा करते हैं तो आंवला से एलोवेरा की मात्रा दोगुनी रख सकते हैं। इस तरह एलोवेरा जूस पीने से ज्यादा फायदा होगा।

(ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें)

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।