1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. हर दिन एक ग्लास दूध पिएं, इस कैंसर से बच सकते हैं आप, लक्षण भी जानें

हर दिन एक ग्लास दूध पिएं, इस कैंसर से बच सकते हैं आप, लक्षण भी जानें

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : Jan 16, 2025 06:18 pm IST,  Updated : Jan 16, 2025 06:18 pm IST

कैंसर के बढ़ते मामले वाकई में चिंता का विषय हैं। क्या आप जानते हैं कि हर रोज एक ग्लास दूध पीकर आप कोलोरेक्टल कैंसर के खतरे को कम कर सकते हैं?

किस कैंसर के खतरे को कम कर सकता है दूध?- India TV Hindi
किस कैंसर के खतरे को कम कर सकता है दूध? Image Source : FREEPIK

दूध में पाए जाने वाले तमाम पोषक तत्व आपकी सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि दूध की मदद से कैंसर के खतरे को भी कम किया जा सकता है। कोलोरेक्टल कैंसर की वजह से हर साल लाखों लोगों की सेहत बुरी तरह से प्रभावित होती है। हालांकि, सही तरह के आहार के साथ कोलोरेक्टल कैंसर को डेवलप होने से रोका जा सकता है। 

क्या कहती है स्टडी?

ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में हाल ही में किए गए एक अध्ययन के मुताबिक डेली डाइट में एक ग्लास दूध शामिल करने से कोलोरेक्टल कैंसर का खतरा कम हो सकता है। आपको बता दें कि ये स्टडी 5,42,778 ब्रिटिश महिलाओं पर 16 साल से भी ज्यादा समय तक की गई है। इस स्टडी के दौरान उनके खान-पान की आदतों और स्वास्थ्य परिणामों पर नजर रखी गई। इस स्टडी के अनुसार दूध कैंसर के खिलाफ सुरक्षा कवच की तरह काम कर सकता है।

कैल्शियम से भरपूर दूध

शरीर के अंदर कैंसर सेल्स को पैदा होने से रोकने के लिए कैल्शियम का पर्याप्त सेवन करना फायदेमंद साबित हो सकता है। ऐसा देखा गया कि जिन महिलाओं ने ज्यादा कैल्शियम रिच फूड आइटम्स का सेवन किया, उनमें कोलोरेक्टल कैंसर होने की संभावना कम थी। अगर आप चाहें तो दूध की जगह कुछ और कैल्शियम रिच चीजों को भी अपने डाइट प्लान में शामिल कर सकते हैं।

कोलोरेक्टल कैंसर के लक्षण

पेट में अक्सर दर्द महसूस होना या फिर कम भूख लगना, कोलोरेक्टल कैंसर की तरफ इशारा कर सकता है। अगर आपका वजन अचानक से घटने लगा है, तो भी आपको सावधान हो जाना चाहिए। कमजोरी महसूस होना इस कैंसर के लक्षणों में से एक हो सकता है। अगर आपको इस तरह के लक्षण एक साथ महसूस हो रहे हैं, तो आपको इन्हें नजरअंदाज करने की गलती नहीं करनी चाहिए।

(ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।