फैटी लिवर की समस्या इन दिनों काफी तेजी से बढ़ते जा रही है। यंगस्टर्स के बीच भी ये समस्या काफी तेजी से बढ़ी है। देशभर में काफी बड़ी संख्या में लोग फैटी लिवर से जुझ रहे हैं। कई रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया है कि 40 फीसदी लोग फैटी लिवर से परेशान हैं। लेकिन लाइफस्टाइल और डाइट में बदलाव कर फैटी लिवर की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। फैटी लिवर से छुटकारा दिलाने में कॉफी भी बेहद कारगर माना जाता है। ऐसे में यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि किस तरह कॉफी को अपनी डाइट में शामिल कर फैटी लिवर से छुटकारा पा सकते हैं।
फैटी लिवर के लक्षण
फैटी लिवर की शुरुआत में अक्सर कोई खास लक्षण दिखाई नहीं देते हैं, इसीलिए इसे "साइलेंट डिजीज" भी कहा जाता है। लेकिन जैसे-जैसे यह बढ़ता है, कुछ लक्षण दिखाई दे सकते हैं, जैसे थकान और कमजोरी महसूस होना। पेट के ऊपरी दाएं हिस्से में हल्का दर्द या भारीपन महसूस होना, भूख कम लगना, वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
लिवर के लिए कैसे फायदेमंद है कॉफी
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि हेल्दी डाइट के साथ रोजाना कॉफी पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। लेकिन इसे सही तरीके से डाइट में शामिल करने की जरूरत है। कॉफी में ऐसे एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो लिवर पर जमे फैट को कम करने में सहायक है।
ब्लैक कॉफी पिएं
फैटी लिवर से छुटकारा पाने के लिए आप रोजाना ब्लैक कॉफी पिएं। इस बात का ध्यान रखें कि कॉफी में दूध, चीनी या फिर क्रीम का इस्तेमाल बिल्कुल भी न करें।
दूध के साथ इस तरह करें इस्तेमाल
अगर आपको ब्लैक कॉफी पीना पसंद नहीं तो इसे आप स्किम्ड मिल्क के साथ पी सकते हैं। लेकिन इसका कम मात्रा में सेवन करें।
एक दिन में कितनी कॉफी पिएं
हेल्थ एक्सपर्ट्स की माने तो रोजाना 2 से 4 कप कॉफी पी जा सकती है। लेकिन हाई ब्लड प्रेशर वाले मरीज, नींद या पाचन से जुड़ी समस्या होने पर बिना डॉक्टर के सलाह के सेवन न करें।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)