1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. ज्यादा बादाम खाने से हो सकते हैं ये नुकसान, जानिए 1 दिन में कितने बादाम खाना है सेहत के लिए फायदेमंद

ज्यादा बादाम खाने से हो सकते हैं ये नुकसान, जानिए 1 दिन में कितने बादाम खाना है सेहत के लिए फायदेमंद

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Nov 13, 2024 02:48 pm IST,  Updated : Nov 13, 2024 02:48 pm IST

Almonds Side Effects: रोजाना बादाम खाना सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। लेकिन ज्यादा बादाम खाने से फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है। जानिए एक दिन में कितने बादाम खाने चाहिए? बादाम खाने का सही समय और तरीका क्या है?

Almonds Side Effects- India TV Hindi
Almonds Side Effects Image Source : FREEPIK

बादाम शरीर के लिए हेल्दी नट्स में शामिल है। लोग आज भी सेहत बनाने के लिए काजू बादाम खाने की सलाह देते हैं। पहले काजू बादाम खाना या दूसरे मेवा खाना आम लोगों को बस की बात नहीं थी। तब न तो लोगों के पास इतना पैसा हुआ करता था और न ही इन चीजों की पैदावार ज्यादा होती थी। लेकिन अब मिडिल क्लास में सबसे ज्यादा ड्राई फ्रूट्स खाए जाने का चलन बढ़ गया है। लोग सर्दियों में खासतौर से काजू बादाम खाते हैं। पोषक तत्वों से भरपूर पावरहाउस बादाम शरीर को फिट रखने और कई बीमारियों को दूर रखने में मदद करता है, लेकिन बादाम का ज्यादा सेवन कई बार नुकसान भी कर सकता है। जानिए ज्यादा बादान खाने से क्या नुकसान होता है और 1 दिन में कितने बादाम खाने चाहिए?

बादाम खाने के नुकसान

एलर्जी- अगर आपको किसी तरह की कोई एलर्जी है तो आपको किसी भी नट्स का सेवन सोच समझकर करना चाहिए। जिन्हें अखरोट से एलर्जी है उन्हें बादाम खाने से भी बचना चाहिए। एलर्जी के लक्षण गले में दर्द, मुंह में कैविटी में खुजली, सूजे हुए होंठ या जीभ और गाल में सूजन महसूस होना हो सकते हैं।

वजन बढ़ना- जो लोग बहुत ज्यादा मात्रा में बादाम खाते हैं उनका वजन कम होने की बजाय बढ़ सकता है। क्योंकि बादाम में कैलोरी भी होती है। करीब 1 औंस बादाम में 160 कैलोरी होती है। इसलिए वजन घटाने के लिए सीमित मात्रा में ही बादाम का सेवन करें।

कब्ज- बादाम में फाइबर काफी ज्यादा होता है जो आंतों के स्वस्थ बनाए रखने और गट हेल्थ में सुधार लाने में मदद करता है। लेकिन ज्यादा बादाम खाने से फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है। कई बार बहुत अधिक बादाम खाने से कब्ज हो सकती है।

किडनी स्टोन- अगर आपको किडनी में स्टोन है तो आपको ज्यादा बादाम खआने से बचना चाहिए। बादाम में ऑक्सालेट की मात्रा अधिक पाई जाती है जिससे किडनी में स्टोन होने का खतरा भी बढ़ जाता है।

गैस और जलन- जिन लोगों को एसिड रिफ्लक्स या गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (जीईआरडी) की समस्या रहती है उन्हें बादाम कम मात्रा में ही खाना चाहिए। ज्यादा बादाम खाने से सीने में जलन और गैस एसिडिटी की समस्या हो सकती है।

खून बहना- बादाम में विटामिन ई की मात्रा काफी अधिक होती है। विटामिन ई खून को जमने से रोकता है। ऐसे में ज्यादा बादाम खाने से रक्त के जमने का काम रुक सकता है। इससे तेज खून बहने और खून न रुकने की समस्या हो सकती है।

1 दिन में कितने बादाम खाने चाहिए?

स्वस्थ रहने के लिए आपको 1 दिन में करीब 5-6 बादाम जरूर खाने चाहिए। जो लोग इंटेंस वर्कआउट करते हैं वो 8-10 बादाम भी खा सकते हैं। बादाम को हमेशा पानी में भिगोकर खाने से ज्यादा फायदा मिलता है। सुबह खाली पेट बादाम खाना फायदेमंद माना जाता है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।