अगर आपने समय रहते अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं दिया, तो आप सेहत से जुड़ी कई समस्याओं का शिकार बन सकते हैं। फिट रहने के लिए जिम में जाकर पसीना बहाना जरूरी नहीं है। आप योग करके भी फिट रह सकते हैं। साइकिलिंग, स्विमिंग या फिर ब्रिस्क वॉक, इस तरह की फिजिकल एक्टिविटीज भी फिटनेस को बनाए रखने में कारगर साबित हो सकती हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर चेन्नई के फिटनेस ट्रेनर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें 18 साल के अनुभवी ट्रेनर फिटनेस हैक बताते नजर आ रहे हैं।
फिटनेस ट्रेनर ने क्या कहा- आपकी जानकारी के लिए बता दें कि चेन्नई के रहने वाले फिटनेस कोच राज गणपत के पास 18 साल का अनुभव है और राज गणपत 'स्लो बर्न मेथड' के फाउंडर और 'क्वाड फिटनेस' के को-फाउंडर और हेड कोच हैं। राज गणपत वीडियो में कहते हैं कि हम सभी कोई न कोई फिटनेस हैक ढूंढ रहे हैं। फिटनेस से जुड़ी इतनी जानकारी मौजूद है इसलिए हम सभी कोई ऐसी एक चीज चाहते हैं जो हमारी फिटनेस जर्नी को आसान बना दे और हमें तेजी से आगे बढ़ने में मदद करे।
गौर करने वाली बात- राज गणपत के मुताबिक ये फिटनेस हैक है डिसिप्लिन यानी अनुशासन। जो लोग सिर्फ नतीजे देखने की कोशिश करते हैं और जो लोग असल में नतीजे हासिल कर लेते हैं, उनके बीच में सिर्फ अनुशासन का फर्क होता है। फिटनेस ट्रेनर कहते हैं कि अनुशासन का मतलब एथलीट लेवल डिसिप्लिन नहीं, बल्कि अपने लाइफस्टाइल से जुड़े फैसलों में रोज एक जैसी निरंतरता बनाए रखना है। अनुशासन ही आपको असली प्रगति की ओर ले जा सकता है।
फिटनेस के लिए क्या जरूरी- आपको हर रोज उन आदतों पर लगातार बने रहना है जो आपकी फिटनेस में मदद करती हैं फिर चाहे वो हेल्दी-बैलेंस्ड डाइट प्लान हो या फिर पूरी रात की नींद लेने के लिए जल्दी सो जाना हो या फिर जिम में अपना बेस्ट देना हो। राज गणपत के मुताबिक शॉर्टकट या फिर तुरंत मिलने वाले उपायों के पीछे भागने की जगह आपको अपना ध्यान डिसिप्लिन पर शिफ्ट कर लेना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।