1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. सावधान! डेस्क जॉब वालों में तेजी से बढ़ता है मोटापे से लेकर हार्ट अटैक का खतरा, जानें काम के दौरान कैसे रखें खुद को हेल्दी?

सावधान! डेस्क जॉब वालों में तेजी से बढ़ता है मोटापे से लेकर हार्ट अटैक का खतरा, जानें काम के दौरान कैसे रखें खुद को हेल्दी?

 Written By: Poonam Yadav
 Published : Aug 10, 2025 09:54 am IST,  Updated : Aug 10, 2025 09:58 am IST

​लंबे समय तक डेस्क पर बैठे रहना न सिर्फ कमर और गर्दन के लिए हानिकारक है, बल्कि यह कई गंभीर बीमारियों जैसे डायबिटीज, मोटापा और हृदय रोग के जोखिम को भी बढ़ाता है।

डेस्क जॉब वालों में बढ़ता है कई गंभीर बीमारियों का खतरा- India TV Hindi
डेस्क जॉब वालों में बढ़ता है कई गंभीर बीमारियों का खतरा Image Source : UNSPLASH

डिजिटल युग के ज़माने में लोगों को घंटों लैपटॉप के सामने बैठकर काम करना पड़ता है। काम करते समय लोग अक्सर लंबे समय तक अपनी डेस्क पर बैठे रहते हैं।एक ही जगह बैठकर लंबे समय तक काम करने से आपको सेहत से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जेरेमी लंदन (Jeremy London, MDने अपने इंस्टाग्राम पर बताया है कि लंबे समय तक बैठकर काम करने से कौन सी परेशानियां हो सकती हैं। साथ ही इन समस्याओं से बचने के लिए ऑफिस टाइमिंग के दौरान क्या करना चाहिए?

लंबे समय तक डेस्क पर बैठे रहने के नुकसान:

  • कमर और गर्दन में अकड़न: लगातार बैठे रहने से पीठ, गर्दन और कंधों की मांसपेशियों में तनाव आता है। इससे दर्द और अकड़न की समस्या बढ़ जाती है। गलत पोस्चर में बैठने से रीढ़ की हड्डी पर भी बुरा असर पड़ता है।

  • टाइप 2 डायबिटीज: जब हम बैठे रहते हैं, तो हमारा शरीर इंसुलिन का ठीक से इस्तेमाल नहीं कर पाता। इससे ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है और टाइप 2 डायबिटीज का खतरा काफी ज्यादा हो जाता है।

  • वजन तेजी से बढ़ता है: कम शारीरिक गतिविधि के कारण कैलोरी बर्न नहीं हो पाती, जिससे शरीर में फैट जमा होने लगता है। इससे वजन तेजी से बढ़ता है और मोटापा बढ़ता है, जो कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।

  • हृदय रोग: लंबे समय तक बैठे रहना हृदय स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है। इससे कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है जो रक्तचाप को भी बढ़ाता है जिससे हृदय रोग और स्ट्रोक का जोखिम बढ़ जाता है।

सेहतमंद शरीर के लिए ऑफिस में करें ये काम:

  • हर घंटे ब्रेक लें: हर 30 से 60 मिनट के लिए टाइमर लगाएं। जब अलार्म बजे, तो अपनी सीट से उठें और 2-3 मिनट टहलें। टहलने के साथ-साथ आप 10 एयर स्क्वैट्स या कुछ हल्के स्ट्रेचिंग व्यायाम भी कर सकते हैं।

  • घर का बना खाना खाएं: हफ्ते में एक या दो बार अपना दोपहर का भोजन पहले से ही तैयार करके रखें। ऐसा करने से आप बाहर के अत्यधिक प्रोसेस्ड और अनहेल्दी खाने के प्रलोभन से बच सकते हैं। 

  • हाइड्रेटेड रहें: अपनी डेस्क पर हमेशा एक पानी की बोतल रखें ताकि आपको प्यास लगने का इंतजार न करना पड़े। हल्का डीहाइड्रेशन थकान बढ़ा सकता है। इसलिए, दिन भर लगातार पानी पीते रहें।

  • दिमाग को आराम दें: काम के बीच में छोटे-छोटे ब्रेक लें और अपने दिमाग को आराम दें। कुछ व्यायाम करें या बस थोड़ी देर के लिए बाहर जाएं। यह आपके तनाव को कम करने में मदद करता है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।