पुश-अप्स करना सिर्फ बॉडी की ताकत नहीं, दिल की सेहत का भी पैमाना है। साइंटिफिक रिसर्च कहती है कि रोज पुश-अप्स लगाने से हार्ट अटैक का रिस्क 96% तक घट जाता है। पुश-अप्स कोई मामूली एक्सरसाइज नहीं है। दिल की 'डिफेंस लाइन' है। हर पुश-अप आपके मसल्स ही नहीं, धड़कनों को भी मजबूत बनाता है, ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है, मेटाबॉलिज्म तेज करता है और सुबह की शुरुआत के साथ एक पावरफुल शील्ड बनाता है। लेकिन ध्यान रखिए ये अब चॉइस नहीं जरूरत बन चुकी है। क्योंकि खतरा अब सिर्फ जमीन पर नहीं आसमान में भी मंडरा रहा है। लेटेस्ट स्टडी के मुताबिक पेस्टिसाइड्स अब बादलों में पहुंच चुके हैं। जो बारिश या ओस की बूंदों के जरिए सीधे हमारे फेफड़ों, खून और हार्ट में घुस रहे हैं। ऊपर से दिवाली के बाद दिल्ली-NCR फिर से गैस चैंबर बन गया है। कई जगहों पर AQI 500 के पार तक पहुंच गया है और ऐसे में WHO के अलर्ट को माने तो ये पॉल्यूशन-स्मॉग सिर्फ फेफड़ों पर नहीं, दिल पर भी वार कर रहा है।
दिल के लिए खतरनाक है प्रदूषण
यही वजह है कि भारत दुनिया की 'हार्ट डिजीज कैपिटल' बनता जा रहा है। दुनिया में जितनी हार्ट अटैक से जान जा रही है उनमें से 20% भारत में होती हैं। 15 से 20 साल के युवाओं में कार्डियक प्रॉब्लम 200% बढ़ी है। दिक्कत ये भी है कि 25% मरीजों में सीवियर ब्लॉकेज के बाद भी कोई लक्षण नहीं दिखते। पंजाब का हाल तो और भी डरावना है। यहां 35% मौत हार्ट डिजीज से हो रही है। सरकार को हाई रिस्क पेशेंट्स के लिए एडवाइजरी तक जारी करनी पड़ी है। हाल ही में, पंजाबी एक्टर वरिंदर सिंह घुम्मन की दिल का दौरा पड़ने से जान चली गई। जिम में एक्सरसाइज करते युवाओं के हार्ट अटैक के केस लगातार बढ़ रहे हैं। मतलब ये कि दिल की हिफाजत सिर्फ जिम में पसीना बहाने से नहीं होगी। मसल्स स्ट्रॉन्ग होंगे लेकिन अगर सांसों में ताकत नहीं, तो दिल कमजोर ही रहेगा। इसलिए दौड़िए, गहरी सांस लीजिए और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाइए। स्वामी रामदेव से जानते हैं दिल को मजबूत कैसे बनाएं?
दिल की मजबूती खुद से जांचें- सबसे जरूरी है कि अपने हार्ट की जांच आप खुद से करें। इसके लिए 1 मिनट में 50-60 सीढ़ियां चढ़ें। 20 बार लगातार उठक-बैठक लगाएं और घर पर ही ग्रिप टेस्ट करें। यानि किसी जार का ढक्कन निकालें, इन आसान टेस्ट से दिल की सेहत का पता चल जाता है।
कार्डियक अरेस्ट से कैसे बचें- इसके लिए लाइफस्टाइल में सुधार लाएं, तंबाकू और एल्कोहल से दूर रहें। जंक फूड खाने से बचें, रोजाना योगाभ्यास और प्राणायाम करें। डेली वॉकिंग-जॉगिंग या साइकिलिंग करें। स्ट्रेस और टेंशन से दूर रहें और प्रॉब्लम शेयर करें।
हार्ट के लिए जरूरी चेकअप- महीने में एक बार ब्लड प्रेशर की जांच कराएं। हर 6 महीन पर कोलेस्ट्रॉल चेक कराएं। 3 महीने पर ब्लड शुगर, 6 महीने पर EYE टेस्ट, साल में एक बार फुल बॉडी चेकअप करवाएं।
हेल्दी हार्ट के लिए डाइट- सबसे जरूरी है भरपूर मात्रा में पानी पीएं। नमक-चीनी कम खाने में कम कर दें। डाइट में फाइबर से भरपूर चीजें शामिल करें। खाने में नट्स जरूर खाएं, साबुत अनाज खाएं और प्रोटीन से भरपूर चीजों का सेवन करें। इससे हार्ट हेल्थ में सुधार आएगा।
इम्यूनिटी कैसे बढ़ाएं- रोजाना गिलोय-तुलसी काढ़ा पीएं, इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार होगा। इसके साथ ही रात में हल्दी वाला दूध, दिन में सीजनल फल सब्जियां खाएं और बादाम-अखरोट को डाइट में शामिल करें। हार्ट के लिए अर्जुन की छाल फायदेमंद है। 1 चम्मच अर्जुन की छाल, 2 ग्राम दालचीनी और 5 तुलसी के पत्ते मिलाकर काढ़ा बनाकर पी लें।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)