1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. अखरोट डेली खाना vs हफ्ते में 3 दिन खाना, डॉक्टर ने बताया किसके शरीर पर क्या होता है असर?

अखरोट डेली खाना vs हफ्ते में 3 दिन खाना, डॉक्टर ने बताया किसके शरीर पर क्या होता है असर?

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Dec 03, 2025 07:24 am IST,  Updated : Dec 03, 2025 07:24 am IST

Walnut Benefits: अखरोट सेहत के लिए बहुत फायदेमंद ड्राई फ्रूट है। स्वस्थ रहने के लिए रोजाना अखरोट खाने की सलाह दी जाती है। लेकिन अगर आप हफ्ते में 3 दिन भी अखरोट खाते हैं तो इसके फायदों का लाभ उठा सकते हैं। जानिए रोज अखरोट खाने और हफ्ते में 3 दिन खाने से शरीर पर क्या असर होता है?

रोज अखरोट खाने के फायदे- India TV Hindi
रोज अखरोट खाने के फायदे Image Source : FREEPIK

अखरोट (Walnuts) एक ऐसा ड्राई फ्रूट है जिसे आम बोल चाल में ‘ब्रेन फूड’ भी कहा जाता है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो आपके शरीर के लिए आवश्यक हैं जैसे ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन, एंटीऑक्सीडेंट्स, और हेल्दी फैट्स। लेकिन लोगों के मन में यह आशंका रहती है कि इसका सेवन कब और कितना करना चाहिए? आशा आयुर्वेदा की डाइरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ चंचल शर्मा के अनुसार अखरोट के सेवन से आपकी जीवनशैली और स्वास्थ्य पर विशेष असर होता है। 

रोज अखरोट खाने का असर

जो लोग नियमित रूप से 2–3 अखरोट खाते हैं, उनका शरीर स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों के खतरे से बचा जा सकता है।

हृदय रोगों में सुधार- अगर आप रोज अखरोट खाते हैं तो शरीर में अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) की मात्रा में सुधार होता है। इसके सेवन से आपका ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल रहता है और हार्ट की बीमारियों का खतरा भी कम होता है।

दिमाग के लिए बूस्टर- अखरोट में मौजूद ओमेगा-3 आपकी याददाश्त को मजबूत करता है। इससे आपका ध्यान केंद्रित होता है और सोच सकारात्मक होती है। पढ़ाई लिखाई करने वाले और ऑफिस में काम करने वालों को इसका सेवन अवश्य करना चाहिए। 

वजन कंट्रोल करने में मदद- इसके सेवन से आपका पेट भरा हुआ लगता है और आप ज्यादा खाना नहीं खाते हैं जिससे मोटापे की संभावना कम होती है।

स्किन और हेयर के फायदे- जो लोग नियमित अखरोट का सेवन करते हैं, उन्हें एंटीऑक्सिडेंट्स मिलते रहते हैं जिससे उनके स्किन मे ग्लो आता है और बाल मजबूत होते हैं।

हफ्ते में 3 दिन अखरोट खाने का असर

जो लोग सप्ताह में 3 बार अखरोट खाते हैं, उनको भी ओमेगा-3 और अन्य न्यूट्रिशन मिलते हैं लेकिन इसके प्रमुख फायदे थोड़े कम हो सकते हैं।

पाचन के लिए आसान- ड्राई फ्रूट्स जैसे अखरोट में बहुत गर्मी होती है जिसके नियमित सेवन से ब्लोटिंग या शरीर में गर्मी की समस्या बनी रहती है इसलिए आप हफ्ते में 3 दिन इसका सेवन करके इसका भरपूर लाभ ले सकते हैं, ऐसा करने से इसे पचाना भी आसान हो जाता है।

डायबिटीज और मोटापा के लिए बेहतर- जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या है या जिनका वजन ज्यादा है वह अगर हफ्ता में 3 दिन इसका सेवन करते हैं तो उनके लिए ज्यादा फायदेमंद होता है।

डॉक्टर चंचल शर्मा के अनुसार अखरोट का नियमित सेवन उन लोगों के लिए उपयोगी है

  • अगर आप दिमाग से जुड़ा काम करते हैं तो अखरोट जरूर खाएं।

  • जिन लोगों को हार्ट संबंधी बीमारियां हैं उन्हें अखरोट खाने चाहिए।

  • जिनकी पाचन शक्ति अच्छी है उन्हें अखरोट का सेवन करना चाहिए। 

  • अगर आपको ब्लोटिंग और एसिडिटी रहती है तो हफ्ते में 3-4 दिन अखरोट खाना भी अच्छा है

  • ऐसे लोगों को अखरोट को पानी में भिगोकर खाना फायदेमंद होता है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।