1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. हाई यूरिक एसिड के मरीजों को मखाना खाना चाहिए या नहीं? जानें एक्सपर्ट की राय, फायदे और सावधानियां

हाई यूरिक एसिड के मरीजों को मखाना खाना चाहिए या नहीं? जानें एक्सपर्ट की राय, फायदे और सावधानियां

 Written By: Poonam Yadav @R154Poonam
 Published : Jun 22, 2025 05:01 pm IST,  Updated : Jun 22, 2025 05:01 pm IST

आज के समय में हाई यूरिक एसिड की समस्या आम होती जा रही है, जो अगर नियंत्रित न की जाए तो गठिया, जोड़ों में सूजन और दर्द जैसी परेशानियों का कारण बन सकती है।

हाई यूरिक एसिड- India TV Hindi
हाई यूरिक एसिड Image Source : SOCIAL

आज के समय में हाई यूरिक एसिड की समस्या आम होती जा रही है, जो अगर नियंत्रित न की जाए तो गठिया, जोड़ों में सूजन और दर्द जैसी परेशानियों का कारण बन सकती है। ऐसे में डाइट क्लिनिक में आयुर्वेदिक डॉक्टर एवं पोषण विशेषज्ञ डॉ. अंजना कालिया कहती हैं कि मरीजों को यह समझना ज़रूरी है कि उन्हें क्या खाना चाहिए और क्या नहीं। एक ऐसा ही सवाल अक्सर उठता है क्या हाई यूरिक एसिड में मखाना खाना सुरक्षित है?

पोषक तत्वों से भरपूर है मखाना

मखाना, जिसे फॉक्स नट्स या कमल के बीज के नाम से भी जाना जाता है, एक हल्का, पौष्टिक और लो-प्यूरिन स्नैक है। चूंकि हाई यूरिक एसिड में ऐसे खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए जिनमें 'प्यूरिन' की मात्रा अधिक हो, इसलिए मखाना एक बेहतर विकल्प माना जाता है क्योंकि इसमें प्यूरिन की मात्रा बहुत कम होती है। इसके अलावा, मखाना फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो शरीर की सूजन को कम करने में सहायक हो सकते हैं।

यूरिक एसिड के मरीज कर सकते हैं सेवन

मखाने का सेवन हाई यूरिक एसिड के मरीजों के लिए तब तक सुरक्षित माना जाता है जब इसे सीमित मात्रा में और बिना अधिक नमक या घी के सेवन किया जाए। उबले या हल्के भूने हुए मखाने स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं। यह न केवल पेट को हल्का रखते हैं, बल्कि वजन नियंत्रण और ब्लड शुगर को भी संतुलित रखने में मदद करते हैं, जो यूरिक एसिड के प्रबंधन में सहायक है।

हालांकि, बाजार में मिलने वाले प्रोसेस्ड या मसालेदार मखानों से बचना चाहिए क्योंकि इनमें नमक, प्रिज़र्वेटिव और तेल की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर में सूजन को बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा, यदि कोई व्यक्ति किडनी की बीमारी या अन्य मेटाबॉलिक डिसऑर्डर से ग्रस्त है, तो मखाना भी सीमित मात्रा में और डॉक्टर की सलाह से ही खाना चाहिए।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।