आज कल की जीवनशैली में लोगों के दिनचर्या में पहले कि अपेक्षा काफी बदलाव आया है। चाहे वो मोबाइल का अधिक इस्तमाल, रात में देर तक जागना, बाहर का खान पान, आम आदत बनती जा रही है। इस प्रकार की आधुनिक जीवन शैली से हमारे किडनी के फंक्शन पर बुरा असर पड़ रहा है, हालांकि लोग इसके संकेतों पर ध्यान नहीं दे पाते और लंबे समय तक इस प्रकार की यदि समस्या बनी रहती है तो यह गंभीर स्थिति बन सकती है। ऐसे में गोरखपुर में स्थित रीजेंसी हॉस्पिटल में नेफ्रोलॉजी और कंसल्टेंट डॉ. अर्पित श्रीवास्तव, विस्तार से इसका कारण, इस समस्या से बचाव के बारे में बता रहे हैं।
देर रात तक जागना है खतरनाक
पर्याप्त नींद न लेने और लगातार लेट नाइट रूटीन रहने से शरीर का हार्मोनल संतुलन और बॉडी क्लॉक प्रभावित हो सकती है, जिससे ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और वजन पर असर पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। लंबे समय तक हाई बीपी, डायबिटीज और मोटापा रहने पर किडनी रोग का जोखिम भी बढ़ सकता है। इसलिए नियमित और पर्याप्त नींद को ओवरऑल किडनी हेल्थ के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
प्रोसेस्ड और जंक फूड बढ़ा रहे जोखिम
आजकल युवाओं में फास्ट फूड, इंस्टेंट स्नैक्स, पैकेज्ड ड्रिंक्स और ज्यादा नमक वाले खाद्य पदार्थों का सेवन तेजी से बढ़ा है। इन चीजों में सोडियम, प्रिजर्वेटिव और अनहेल्दी फैट अधिक मात्रा में होते हैं। ज्यादा नमक किडनी पर अतिरिक्त दबाव डालता है और ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है। इसके अलावा सॉफ्ट ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थों का अधिक सेवन शरीर में शुगर और कैलोरी बढ़ाता है, जिससे मोटापा और मेटाबॉलिक समस्याएं पैदा हो सकती हैं। लंबे समय तक ऐसी डाइट किडनी की फिल्टरिंग क्षमता को प्रभावित कर सकती है।
पानी कम पीना भी बड़ी वजह
डॉक्टरों के अनुसार शरीर में पानी की कमी होने पर किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है और यूरिन अधिक गाढ़ा हो सकता है, जिससे कुछ लोगों में स्टोन या यूरिन इंफेक्शन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए पानी ज्यादा निकलता है, इसलिए पर्याप्त हाइड्रेशन बनाए रखना जरूरी माना जाता है। हालांकि पानी की सही मात्रा हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकती है और यह उम्र, मौसम, शारीरिक गतिविधि व स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करती है।
लाइफस्टाइल में करें छोटे बड़े बदलाव
लाइफस्टाइल में छोटे बदलाव अपनाकर किडनी की बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। संतुलित खानपान, पर्याप्त नींद, नियमित एक्सरसाइज और पर्याप्त पानी पीने जैसी आदतें किडनी को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं। इसके अलावा जंक फूड और ज्यादा नमक वाले खाद्य पदार्थों को सीमित करना भी जरूरी है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है