आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, देर रात तक जागना, तनाव और प्रोसेस्ड या अत्यधिक मसालेदार भोजन का सेवन हमारे पाचन तंत्र को सीधे प्रभावित करता है। शारीरिक गतिविधि की कमी इस समस्या को और बढ़ा देती है, जिससे भोजन ठीक से नहीं पचता और पेट में गैस, ब्लोटिंग और एसिडिटी की समस्या पैदा होती है। गैस और ब्लोटिंग की समस्या से छुटकारा पाने के लिए ज्यादातर लोग दवाओं का सेवन करते हैं। लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि कुछ आसान घरेलू उपाय के जरिए आप आसानी से गैस और ब्लोटिंग की समस्या दूर कर सकते हैं। डॉक्टर शुभम वत्स ने बताया है कि गैस और ब्लोटिंग की समस्या से छुटकारा पाने के लिए किन चीजों का सेवन करना चाहिए।
अजवाइन और काला नमक
अजवाइन में 'थाइमोल' नाम का एक कंपाउंड पाया जाता है, जो गैस्ट्रिक जूस को उत्तेजित करता है और पाचन प्रक्रिया को तेज करता है। इसके लिए आप आधा चम्मच अजवाइन में एक चुटकी काला नमक मिलाकर गुनगुने पानी के साथ लें। इससे पेट की गैस आसानी से बाहर निकल जाएगी और ब्लोटिंग की समस्या नहीं होगी।
सौंफ
सौंफ पाचन संबंधी समस्याओं, विशेषकर पेट में गैस और ब्लोटिंग को दूर करने में बेहद कारगर माना जाता है। इसमें मौजूद ऐनेथोल, फेनचोन और एस्ट्रागोल जैसे एसेंशियल ऑयल पेट की मांसपेशियों को राहत देकर पाचन क्रिया को सुचारू बनाते हैं। इसे आप चबाकर खा सकते हैं या फिर आप सौंफ की चाय भी बना सकते हैं।
अदरक
अदरक में मौजूद 'जिंजेरॉल' सूजन और गैस को कम करने में असरदार है। यह आंतों की मांसपेशियों को आराम देता है। खाना खाने के बाद अदरक का एक छोटा टुकड़ा चबाएं या अदरक की चाय का सेवन करें। इससे गैस की समस्या से आसानी से छुटकारा मिल सकता है।
हींग का पानी
हींग गैस और पेट दर्द के लिए सबसे तेज़ काम करने वाले घरेलू उपचारों में से एक है। एक गिलास गुनगुने पानी में चुटकी भर हींग मिलाकर पिएं। यदि छोटे बच्चे को यह समस्या है, तो हींग को थोड़े पानी में घोलकर नाभि के आसपास लगाएं।
पुदीने की पत्तियां
पुदीना आंतों की ऐंठन को कम करता है और भारीपन से राहत देता है। पुदीने की 5-6 पत्तियों को पानी में उबालकर पिएं या इसे छाछ में मिलाकर लें।