1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. प्रेगनेंसी में सुबह खाली पेट क्या खाएं? डॉक्टर की सलाह से जानें मां और बच्चे के लिए बेस्ट फूड्स

प्रेगनेंसी में सुबह खाली पेट क्या खाएं? डॉक्टर की सलाह से जानें मां और बच्चे के लिए बेस्ट फूड्स

 Written By: Poonam Yadav
 Published : Jul 16, 2025 06:30 am IST,  Updated : Jul 16, 2025 06:30 am IST

गर्भावस्था के नौ महीने हर महिला के लिए बेहद ख़ास और खूबसूरत होते हैं। इस दौरान महिलाएं कैसा डाइट फॉलो करती हैं? क्या खाती हैं, इन सब बातों का उनके स्वास्थ्य और गर्भ में पल रहे बच्चे पर गहरा असर पड़ता है।

प्रेगनेंसी में सुबह खाली पेट क्या खाएं - India TV Hindi
प्रेगनेंसी में सुबह खाली पेट क्या खाएं Image Source : AI

गर्भावस्था के नौ महीने हर महिला के लिए बेहद ख़ास और खूबसूरत होते हैं। इस दौरान महिलाओं को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आप क्या खाते हैं और किस तरह खाते हैं, इन सब बातों का गर्भवती महिला के स्वास्थ्य और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे पर गहरा असर पड़ता है। इसलिए कोशिश करें कि गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार का ही सेवन करें। 

आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा के अनुसार, गर्भावस्था के नौ महीने में वैसे तो आपको हमेशा पौष्टिक आहार ही खाना चाहिए और खाने में उन्हीं चीज़ों को शामिल करना चाहिए जो आसानी से पच सकें, लेकिन इसके अलावा सुबह का सबसे पहला आहार आयुर्वेद के अनुसार सबसे महत्वपूर्ण होता है। आप सुबह जो भी खाते हैं, वह पूरे दिन की ऊर्जा का स्रोत होता है। इसलिए सुबह का पहला भोजन सोच समझकर खाना चाहिए।

गर्भवती महिला को सुबह क्या खाना चाहिए?

  • सौंफ का पानी पिएं: गर्भवती महिलाओं के लिए सुबह उठकर हल्के गुनगुने पानी के साथ नींबू, सौंफ या जीरा मिलाकर पीना फायदेमंद हो सकता है। इससे पाचन तंत्र अच्छा रहता है और शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। यह आपके शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में भी मदद करता है।

  • बादाम को भिगोकर खाएं: आप 5 बादाम और 2 अखरोट को रातभर पानी में भिगोकर रख दें और सुबह उठते ही सबसे पहले उन्हें खा लें। ऐसा करने से दिनभर ऊर्जा की कमी महसूस नहीं होगी और पर्याप्त मात्रा में विटामिन ई और फैटी एसिड मिल जाएगा। इससे गर्भ में पल रहे बच्चे का मस्तिष्क अच्छे से विकसित होता है और त्वचा भी अच्छी रहती है।

  • हल्दी या केसर वाला दूध: सुबह उठते ही हल्के गर्म दूध में थोड़ी सी केसर या हल्दी मिलाकर उसका नियमित सेवन करें। आयुर्वेद के अनुसार दूध स्वास्थ्य के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इससे आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और बच्चे की इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है।

  • ताजे फलों का सेवन करें:गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को ताजे फल और सब्जियों का सेवन करना चाहिए। खासतौर से केला और सेब, इनमें पर्याप्त मात्रा में आयरन और फाइबर पाया जाता है जो खाना पचाने में मददगार होता है। ऐसा करने से गर्भ में पल रहे बच्चे की कोशिकाओं के विकास में मदद मिलती है।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।