नई दिल्ली: विद्यार्थियों सहित करीब 200 दिव्यांगों ने यहां रविवार को पौधरोपण अभियान में भाग लिया। पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छ वायु भारत आन्दोलन(CLAIM) के हिस्से के रूप में इस अभियान का आयोजन किया गया। CLAIM प्रदूषण के खिलाफ देश का सबसे बड़ा जागरूकता कार्यक्रम है। सहभागियों ने इंडिया गेट से पुराना किला रोड स्थित गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल तक मार्च निकाला, जहां पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन उपस्थित थे। हुसैन ने कहा, "अधिकाधिक पौधे रोपने और उनकी देखभाल करने से काफी हद तक हमारे पर्यावरण की रक्षा करने मदद मिलेगी। CLAIM जैसी पहलें पर्यावरण की रक्षा के लिए सभी प्रकार के आवश्यक समर्थन प्रदान कर सकती हैं।"
CLAIM के संस्थापक विजय कुमार ने कहा, "पर्यावरण संरक्षण नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें नागरिक अधिक पौधे रोपने और उसकी देखभाल करने में भूमिका निभा सकते हैं और लालबत्ती पर गाड़ी के इंजन बंद करने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल जैसे सामान्य पर्यावरण अनुकूल उपाय अपना सकते हैं।"