रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित एक लॉज में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई है। रायपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आज यहां भाषा को बताया कि शहर के गोलबाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहमानिया चौक के करीब तुलसी लॉज में आग लग गई। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई।
ये भी पढ़े
- तमिलनाडु में रद्द किया गया विधानसभा उपचुनाव
- केजरीवाल ने फिर लगाया EVM में गड़बड़ी का आरोप, EC को धृतराष्ट्र बताया
अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि लॉज में आज तड़के आग लगी। आग लगने की सूचना के बाद दमकल वाहनों को वहां भेजा गया और पुलिस दल भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गया।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। अभी तक लॉज में चार लोगों के शव देखे गए हैं। जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा, वहीं अन्य कमरों की भी तलाशी ली जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।