अहमदाबाद: गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल ने आज केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बातचीत की और उनसे राज्य के करीब 4500 श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया जो अमरनाथ की यात्रा पर गए हैं और जम्मू कश्मीर में हिंसा के बाद वहां फंस गए हैं। एक आधिकारिक प्रेस विग्यप्ति में कहा गया है कि उन्होंने तीर्थयात्रियों के संबंध में अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक भी की। उन्होंने तीर्थयात्रियों को पहलगाम..बालटाल से जम्मू लाने के लिए सेना की मदद का भी अनुरोध किया।
इसे भी पढ़े:- कश्मीर घाटी में कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रा फिर शुरू
विज्ञाप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त प्रधान सचिव पी के मिश्रा से संपर्क करने और उन्हें फंसे तीर्थयात्रियों के बारे में सूचित करने का निर्देश दिया ताकि उन लोगों को खाने और रूकने की सुविधा मिल सके।
गौरतलब है कि हिजबुल मुजाहिद्दीन के पोस्टर ब्वॉय बुरहान वानी के एक मुठभेड़ में मारे जाने के विरोध में घाटी में हिंसा भड़क गई और प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष में 21 लोग मारे गए, करीब 200 लोग जख्मी हुए हैं। हिंसक भीड़ ने पांच भवनों में आग लगा दी, जिसमें तीन पुलिस प्रतिष्ठान हैं। इसके अलावा कुछ वाहनों में भी आग लगाई गई। कश्मीर के कई हिस्सों में कर्फ्यू की तरह निषेधज्ञा लगाई गई है जहां पूरी घाटी में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं स्थगित हैं और दक्षिण कश्मीर में मोबाइल टेलीफोनी सेवाएं बाधित हैं। इसी कारण अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है।