नई दिल्ली: पाकिस्तान के उच्चायोग के एक कर्मचारी के जासूसी मामले में पकड़े जाने और बर्खास्त किये जाने के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच यहां पाकिस्तानी मिशन के छह अधिकारी आज घर लौट गये। भारत छोड़ने वाले राजनयिकों के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है, लेकिन पाकिस्तान उच्चायोग के सूत्रों के अनुसार मिशन के छह अधिकारी जा चुके हैं या जाने की प्रक्रिया में हैं।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
सूत्रों ने आरोप लगाया, इस खराब माहौल में अधिकारियों के लिए काम करना नामुमकिन होने के बाद फैसला लिया गया। उन्होंने कहा, भारत सरकार हमारे राजनयिकों को धमका रही है और ब्लैकमेल कर रही है। इसलिए इस स्थिति में हमारे लिए इस देश में रहना और काम करना मुश्किल है।
सूत्रों के अनुसार भारत छोड़ चुके अधिकारियों में वाणिज्यिक दूत सैयद फर्रख हबीब और प्रथम सचिव खादिम हुसैन, मुदस्सिर चीमा तथा शाहिद इकबाल शामिल हैं।
कुछ दिन पहले ही भारत ने पाकिस्तान के अधिकारी महमूद अख्तर को जासूसी गतिविधियों को लेकर अवांछनीय घोषित किया था, जिस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान ने भी भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी को निकाल दिया।
इससे पहले इस्लामाबाद से आ रहीं खबरों में कहा गया था कि पाकिस्तान भारतीय उच्चायोग के कम से कम दो अधिकारियों को विध्वंसक गतिविधियों में उनकी कथित संलिप्तता के लिए देश छोड़ने को कह सकता है।