नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न इलाकों में अफ्रीकी समुदाय के खिलाफ हमलों की रपटों पर उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग से बात की है। सुषमा ने एक ट्वीट में कहा, "मैंने दक्षिण दिल्ली में अफ्रीकी समुदाय के लोगों के साथ हुई घटनाओं के संदर्भ में कल (शनिवार) राजनाथ सिंह और दिल्ली के उपराज्यपाल से बात की है। उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।"
बकौल सुषमा, "जिन इलाकों में अफ्रीकी नागरिक रहते हैं, वहां जल्द ही लोगों को इनके प्रति संवेदनशील बनाने के लिए अभियान चलाए जाएंगे।" दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अफ्रीकी नागरिकों पर हमले के चार मामले दर्ज किए हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि ये हमले नियोजित नहीं थे और न ही इनकी प्रकृति नस्ली है।
पुलिस के अनुसार, सभी चारों घटनाएं गुरुवार को दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में दर्ज की गई, जहां करीब 300 अफ्रीकी नागरिक रहते हैं। अफ्रीकी नागरिकों पर हमले की घटनाएं कांगो गणराज्य के एक नागरिक मसोंडा केटडा ओलिवर (29) की 20 मई को दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक ऑटो-रिक्शा लेने के दौरान हुई कहासुनी के बाद पीट-पीट कर हत्या के सप्ताहभर बाद सामने आई है।
हमलों की प्रकृति के बारे में स्पष्ट करते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ईश्वर सिंह ने कहा, "ये छिटपुट घटनाएं हैं, नियोजित हमले नहीं। इन हमलों में नस्लीयता की कोई बात नहीं है, न ही ऐसा है कि अफ्रीकी नागरिकों खिलाफ सार्वजनिक मुहिम चलाई जा रही है।" उन्होंने कहा, "सभी चार घटनाएं अलग-अलग स्थानों (करीब एक किलोमीटर की दूरी) पर, अलग-अलग समय में और अलग-अलग कारणों से हुईं। यदि हमले नियोजित होते तो पीड़ितों को गहरा जख्म लगा होता।"
पुलिस के अनुसार, केवल एक अफ्रीकी लॉकी को सड़क पर मुंह के बल गिर जाने के कारण नाक पर चोट आई है। डीसीपी ने कहा, "हमने इस मामले में अपने ही लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है और मामले भी दर्ज किए हैं।" दिल्ली पुलिस के नियंत्रण कक्ष को गुरुवार रात दो बार फोन किए गए थे, जिसमें महरौली के राजपुर खुर्द इलाके में झगड़े की सूचना दी गई थी, जहां अफ्रीकी नागरिक रहते हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पहला फोन रात 11 बजे केनेथ नामक व्यक्ति ने किया था, जिसका अपनी कार से दवा की दुकान जाते समय स्थानीय नागरिकों से झगड़ा हो गया था। दूसरा फोन नाइजीरिया के नागरिक लॉकी ने किया था, जिसे कथित तौर पर उस ऑटो-रिक्शा के चालक को बचाने के कारण पीटा गया, जिसमें वह सफर कर रहा था। आरोप है कि एक कार चालक ने ऑटो-रिक्शा से पास नहीं मिलने पर उसे रोककर उसकी पिटाई शुरू दी। लॉकी जब बीच-बचाव करने लगा तो कार सवारों ने उसकी भी पिटाई कर दी। इसी बीच वह सड़क पर औंधे मुंह गिर गया और उसकी नाक में चोट आ गई।
डीसीपी का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।