फतेहाबाद (हरियाणा): हरियाणा के फतेहाबाद जिले में मंगलवार को एक निजी बस में विस्फोट हुआ, जिसमें 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि घायलों को फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा गया कि बस जिले की जाखल मंडी से फतेहाबाद शहर जा रही थी। बस में विस्फोट भुना नामक जगह पर हुआ।
यह पिछले एक माह में हरियाणा में तीसरा विस्फोट है। इससे पूर्व, पानीपत जिले में एक खाली रेलवे कोच में एक विस्फोट हुआ था। वहीं, पिछले सप्ताह हरियाणा रोडवेज की एक चलती बस में कम क्षमता वाला एक विस्फोट हुआ था, जिसमें आठ लोग घायल हुए थे।
अंदेशा है कि इसके जरिये आतंकी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की ताक में तो नहीं हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, यह संदिग्ध युवक बस में चढ़ा था, जिसके कुछ देर बाद ही बस में धमाका हुआ। संदिग्ध की तलाश जारी है। वह धमाके से पहले बस से उतर गया था। माना जा रहा है कि धमाके का विस्फोटक उसी ने रखा था।
इससे पहले कुरुक्षेत्र जिले में हरियाणा रोडवेज की एक बस में कम तीव्रता का विस्फोट हो गया, जिसमें कम से कम 12 यात्री घायल हो गए थे। सोनीपत से चंडीगढ़ जा रही बस जब पीपली इलाके में पहुंची थी तो इसमें विस्फोट हो गया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआई) के विशेषज्ञों की एक टीम ने घटनास्थल का दौरा भी किया था। इस धमाके के बाद सुराग के लिए 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी।