नई दिल्ली: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के महानिदेशक ओ.पी.सिंह ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली हवाईअड्डे पर सुरक्षा लंदन तथा दुबई जैसे मशहूर हवाईअड्डों से बेहतर पाई गई है। उन्होंने कहा कि मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरू, कोलकाता तथा चेन्नई हवाईअड्डे की सुरक्षा को डलास/फोर्थ वर्थ इंटरनेशनल तथा लॉस एंजेलिस हवाईअड्डे पर सुरक्षा से अधिक रेटिंग मिली है।
देश-विदेश की खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें
एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल द्वारा एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) रेटिंग का हवाला देते हुए सिंह ने कहा कि भारत के कई हवाईअड्डे अमेरिका, लंदन के हिथ्रो, पेरिस के चार्ल्स डी गौले, संयुक्त अरब अमीरात के दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट जर्मनी के फ्रैंकफर्ट मेन इंटरनेशनल हवाईअड्डे से बेहतर हैं। एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल का मुख्यालय बेल्जियम के ब्रसेल्स में है।
सिंह ने कहा, "साल 2016 में, चार पैमानों पर दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरू, कोलकाता तथा चेन्नई हवाईअड्डों की एएसक्यू रेटिंग दुनिया के मशहूर हवाईअड्डों से अधिक मिली है। इन पैमानों में सुरक्षा कर्मचारियों का शिष्टाचार व सहयोग, अच्छी तरह से सुरक्षा जांच, सुरक्षा जांच के दौरान वेटिंग टाइम तथा यात्रियों द्वारा खुद को सुरक्षित महसूस करना शामिल था।"
एएसक्यू ने 36 पैमानों पर यात्रियों से महीनेवार फीडबैक लिया, जिनमें से चार सुरक्षा से संबंधित थे। सिंह ने यहां सीआईएसएफ मुख्यालय में एक वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि रेटिंग को लेकर सभी हवाईअड्डों के लिए एक ही प्रश्नावली तथा तरीके का इस्तेमाल किया गया।