1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली विधानसभा पर हो सकता है जैश का हमला

दिल्ली विधानसभा पर हो सकता है जैश का हमला

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 25, 2016 10:18 am IST,  Updated : May 25, 2016 10:18 am IST

कुख्यात आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद दिल्ली विधानसभा पर हमला कराने की फिराक में जुटे हैं।

delhi assembly- India TV Hindi
delhi assembly

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली पर एक बार फिर आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है। सूत्रों के मुताबिक कुख्यात आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद दिल्ली विधानसभा पर हमला कराने की फिराक में जुटे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इसके लिए पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. और इंडियन मुजाहिद्दीन के कुछ सदस्यों की भी मदद ली जा रही है।

खुफिया अलर्ट के मद्देनजर आतंकी मामलों की विशेषज्ञ माने जाने वाली स्पेशल सेल यूनिट संदिग्धों व उनकी गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रही है। वहीं विधानसभा और आसपास के इलाके में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ‘स्वैट कमांडो’ दस्ते की सादी वर्दी में मौजूदगी भी अनिवार्य कर दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक खुफिया सूचना में विधानसभा के अलावा राजधानी के प्रमुख स्कूल और कॉलेजों को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। खासबात यह है कि इस सूचना में आतंकी के नाम भी खुलासा किया गया है।

खुफिया अलर्ट में जैश के कमांडर ‘अवैस मोहम्मद’ को यह जिम्मेदारी सौंपने की बात कही गई है। वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित ओकारा का रहने वाला बताया गया है। जैश ने उसे ब्लास्ट करने से लेकर आतंकी वारदात को अंजाम देने के सभी गुरों से प्रशिक्षित कर कागजी कार्रवाई की पूरी औपचारिकता मलेशिया भेज दिया है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को मुहैया कराई गई सूचना में यह भी साफ किया गया है कि इस संदिग्ध शख्स को मलेशिया के पासपोर्ट पर भारत रवाना करने की तैयारी है। इस बीच उसके लिए भारत में खासतौर से दिल्ली-एनसीआर में जमीन तैयार करने की जिम्मेदारी भी जैश अपने दूसरे मॉड्यूल को सौंपी है। खुफिया अलर्ट के बाद स्पेशल सेल सहित दिल्ली पुलिस की अन्य सभी यूनिट को भी जैश के आतंकियों द्वारा हमले की फिराक में होने का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

स्पेशल सेल के स्पेशल कमिश्नर अरविंद दीप ने कहा, हम पूरी तरह सतर्क हैं। इस खुफिया सूचना पर हमारी टीम अलर्ट है और पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत