गुरदासपुर: उत्तरी पंजाब के गुरदासपुर जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के साथ सटी सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) चौकी पर गोलीबारी हुई। सूत्रों के मुताबिक, बीएसएफ जवान जवाबी कार्रवाई में गुरदासपुर के चकरी गांव से आठ से 10 घुसपैठियों को खदेड़ने में कामयाब रहे।
सूत्रों के मुताबिक, गोलीबारी रात लगभग दो बजे शुरू हुई। बीएसएफ जवानों ने हैंड हेल्ड थर्मल इमेजर्स (एचएचटीआई) का इस्तेमाल कर सीमा पर आठ से 10 लोगों के होने का पता लगाया।
ये घुसपैठिए सीमा पार कर चुके थे लेकिन कांटेदार बाड़ के पीछे थे।
बीएसएफ अधिकारी ने बताया, "उन्होंने बीएसएफ चौकी पर गोलीबारी की। हमारे जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई कर गोलीबारी की जिससे घुसपैठियों को वापस लौटना पड़ा। आज (सोमवार) सुबह क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।"
गौरतलब है कि जम्मू एवं कश्मीर में हालिया आतंकवादी हमलों के बाद सेना द्वारा पीओके में किए गए 'सर्जिकल स्ट्राइक' के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
ग़ौरतलब है कि रविवार की रात जम्मू एवं कश्मीर के बारामूला जिले में सैन्य शिविर पर रविवार रात को आतंकवादी हमला किया गया। इस हमले में सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) ने दो आतंकियों को मार गिराया जबकि एक जवान शहीद हो गया और अन्य घायल हो गए।
सेना के उत्तरी कमान के मुताबिक, राष्ट्रीय राइफल्स शिविर में स्थिति नियंत्रण में है।
उत्तरी कमान ने अपने ट्वीट कर बताया, "बारामूला में स्थिति नियंत्रण में है।"
सूत्रों के मुताबिक, यह हमला रात लगभग 10.30 बजे के आसपास शुरू हुआ। आतंकवादियों ने राष्ट्रीय राइफल्स शिविर में घुसने की कोशिश की। इस दौरान भारी गोलीबारी और ग्रेनेड विस्फोट की आवाजें सुनी गई।
रिपोर्टों के मुताबिक, शिविरों के पास कुछ घरों से गोलीबारी हो रही थी लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सेना ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है कि कितने आतंकवादियों ने शिविर पर हमला किया। हालांकि, चार आतंकवादियों द्वारा हमला किए जाने का अनुमान है।