नई दिल्ली: बिहार में गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता के शव के साथ प्रदर्शन कर रहे उग्र लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के काफिले पर पथराव किया और कई वाहनों में आग लगा दी। घटना उस वक्त हुई जब मांझी लोक जनशक्ति पार्टी नेता के परिजनों से मिलने जा रहे थे।
इसी दौरान मृतकों के शव के साथ प्रदर्शन कर रहे उग्र लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले पर पथराव कर दिया। पथराव की घटना में मांझी की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि पुलिस ने उन्हे तत्काल घेरे में लेकर सुरक्षित निकाल लिया। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों और पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया।
इस दौरान लोगों ने तीन मोटरसाइकिलें और एक वाहन में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। लोग शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर नीतीश कुमार को वहां बुलाने की बात कर रहे हैं।
गौरतलब है कि कल लोजपा प्रखंड अध्यक्ष सुदेश पासवान अपने पत्नी के प्रचार-प्रसार के लिए दुबात गांव गए हुए थे। उनके साथ उनके भाई सुनील पासवान की पत्नी भी चुनावी मैदान में खड़ी हैं। दोनों भाईयों ने अपने समर्थकों के साथ चुनावी रैली निकाली थी। इसी बीच दो बाइक से आए चार नक्सलियों ने दोनों को गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई।