नासिक: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसद और नासिक APMC के अध्यक्ष देवीदास पिंगले के परिसरों पर छापेमारी के दौरान सोने-चांदी के गहने और करीब 90 वोटर कार्ड पाए गए। उन्हें हाल में अघोषित नकदी की जब्ती के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि पिंगले के नासिक स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान 1,180 ग्राम स्वर्ण आभूषण, 1,220 ग्राम चांदी के आभूषण और बर्तन, 3,350 रूपये तथा निवेश और संपत्ति के अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। विज्ञप्ति में बताया गया है कि मुंबई में उनके फ्लैट पर छापेमारी के दौरान एसीबी के कर्मियों ने 90 से ज्यादा वोटर कार्ड और एक पैन कार्ड पाया। वहीं, माटोरी गांव में उनके फार्म हाउस और अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की गई।
पिंगले को 21 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 25 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया। एसीबी कार्यालय में 2 घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ के बाद एजेंसी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता को गिरफ्तार किया था। मामला एसीबी द्वारा 25 अक्टूबर को पंचवटी इलाके में एक कार से 57 लाख 73 हजार 800 रूपये की बरामदगी से जुड़ा हुआ है।