तिरुवनंतपुरम: केरल में आठ जून से शुरू हुए दक्षिण पश्चिमी मानसून ने जोर पकड़ लिया है और अगले बुधवार तक यहां भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को कहा कि केरल में एक सप्ताह देर से पहुंचे दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण शुक्रवार रात को भारी बारिश हुई। राज्य की राजधानी में तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
बयान के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों में मध्य अरब सागर, पूरे कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ भागों, भीतरी कर्नाटक के शेष भीतरी हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पूरे तेलंगाना और झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल स्थितियां हैं।
देर शुक्रवार शाम तेज आंधी के कारण 50 से भी ज्यादा पेड़ जड़ से उखड़ गए और वाहनों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। खराब मौसम की संभावना को देखते हुए 40 से भी ज्यादा राहत शिविर खोले गए हैं।