1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: लौटने वाली है ठंड, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना, कश्मीर में विमान सेवा बाधित, जानें अपने राज्य का हाल

Weather Update: लौटने वाली है ठंड, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना, कश्मीर में विमान सेवा बाधित, जानें अपने राज्य का हाल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 04, 2021 03:44 pm IST,  Updated : Feb 04, 2021 03:44 pm IST

देश के कई हिस्सों में तेज धूप के कारण दिन और रात में ठंड लगभग गायब हो गई है लेकिन, इससे भ्रम पालने की जरूरत नहीं है। ठंड गई नहीं है बल्कि वापस लौटने वाली है। उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

IMD alert air services disrupted in kashmir uttar pradesh raining state wise weather forecast update- India TV Hindi
देश के कई हिस्सों में तेज धूप के कारण दिन और रात में ठंड लगभग गायब हो गई है लेकिन, इससे भ्रम पालने की जरूरत नहीं है। Image Source : INDIA TV

लखनऊ: देश के कई हिस्सों में तेज धूप के कारण दिन और रात में ठंड लगभग गायब हो गई है लेकिन, इससे भ्रम पालने की जरूरत नहीं है। ठंड गई नहीं है बल्कि वापस लौटने वाली है। उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्वी अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ जोर पकड़ रहा है। इसकी वजह से उत्तर प्रदेश के मौसम पर खासकर चार और पांच फरवरी को असर पड़ेगा। रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में अनेक स्थानों पर और पूर्वी भागों में कुछ जगहों पर बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। राज्य के कुछ उत्तरी क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न मंडलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 

इस अवधि में गोरखपुर, अयोध्या तथा बरेली मंडलों में दिन के तापमान में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा प्रयागराज, लखनऊ, झांसी, आगरा, वाराणसी, मुरादाबाद तथा मेरठ मंडलों में यह सामान्य से अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, आगरा तथा बरेली मंडलों में रात के तापमान में भी काफी वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान अयोध्या, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, झांसी तथा मेरठ मंडलों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान बस्ती राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

खराब मौसम के कारण कश्मीर में दूसरे दिन विमान सेवा बाधित

वहीं कश्मीर घाटी के अधितर हिस्सों में रातभर हुई बर्फबारी के कारण बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन विमान सेवा बाधित रही। यहां अधिकारियों ने बताया, ‘‘खराब मौसम के कारण विमान परिचालन बाधित हुआ है और श्रीनगर हवाई अड्डे पर अब तक कोई विमान नहीं उतर सका है।’’ उन्होंने बताया कि हवाई पट्टी पर बर्फ जमने और खराब दृश्यता से कारण परिचालन प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि हवाई पट्टी से अब बर्फ हटा दी गई है लेकिन दृश्यता अब भी खराब होने के कारण विमानों के परिचालन में बाधा आ रही है। अधिकारियों ने कहा, ‘‘मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि कुछ घंटों में मौसम में सुधार होने की उम्मीद है इसलिए दोपहर तक विमान सेवा शुरू हो सकती है।’’ गौरतलब है कि बुधवार को घाटी के अधितर हिस्सों में बर्फबारी के कारण भी विमान सेवा वाधित हुई थी।

शिमला में इस साल की पहली बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बृहस्पतिवार सुबह इस साल की पहली बर्फबारी हुई। बृहस्पतिवार सुबह शिमला, कुफरी, केलोंग, कल्पा और राज्य के ऊंचाईं वाले कई इलाकों में बर्फबारी हुई और खबर लिखे जाने तक बर्फबारी चल रही थी। मौसम विभाग ने मध्यम और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाते हुए चार फरवरी के लिए राज्य में आंधी और गरज के साथ बारिश की आशंका जताई थी और येलो अलर्ट जारी किया था। शिमला मौसम केंद्र ने मैदानी, निचले पहाड़ी इलाकों में चार फरवरी को और मध्यम तथा ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में चार और पांच फरवरी को आंधी और गरज के साथ बारिश की आशंका जताई थी। मौसम कार्यालय ने खराब मौसम के बारे में लोगों को सतर्क करने के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

दिल्ली में हल्की बारिश
दिल्ली में ताजा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बृहस्पतिवार सुबह हल्की बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने से शहर के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। उन्होंने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने की वजह से पृथ्वी से परावर्तित होने वाली अवरक्त किरणों में कुछ बादलों के कारण वापस आ जाती हैं, जिससे धरती गर्म होती है। सफदरजंग वेधशाला ने सुबह आठ बजे तक 0.5 मिमी बारिश दर्ज की। वहीं लोधी रोड मौसम स्टेशन ने 0.2 मिमी बारिश दर्ज की। शुक्रवार को भी हल्की बारिश होने की की संभावना है। न्यूनतम तापमान अगले तीन दिन तक सामान्य स्थिति में ही बने रहने की संभावना है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किय गया। वहीं अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत