1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पत्रकार हत्याकांड: मर्डर केस से आहत हुए नीतीश कुमार, बोले यह मेरे ऊपर हमला

पत्रकार हत्याकांड: मर्डर केस से आहत हुए नीतीश कुमार, बोले यह मेरे ऊपर हमला

 Written By: IANS
 Published : May 16, 2016 05:29 pm IST,  Updated : May 16, 2016 05:40 pm IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते सोमवार को वरिष्ठ पत्रकार मर्डर केस को लेकर कहा कि पत्रकार की हत्या मेरे ऊपर हमला है।

nitish- India TV Hindi
nitish

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते सोमवार को वरिष्ठ पत्रकार मर्डर केस को लेकर कहा कि पत्रकार की हत्या मेरे ऊपर हमला है। यदि पीड़ित के परिजन चाहेंगे, तो हम इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने की सिफारिश करेंगे। नीतीश ने कहा कि राजदेव रंजन की हत्या से वह दुखी हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "पत्रकार की हत्या मेरे ऊपर हमला है।"

उन्होंने कहा कि उनका बिहार पुलिस व उसकी जांच पर पूरा भरोसा है। मुख्यमंत्री ने कहा, "हमने कोई भी कोर-कसर नहीं छोड़ी है। जांच पूरी तत्परता से की जा रही है। इस अपराध को अंजाम देने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।" नीतीश ने कहा कि उन्होंने रविवार रात राज्य के पुलिस प्रमुख को पीड़ित के परिजनों से मिलने और यह पूछने के लिए कहा कि वे कार्रवाई से संतुष्ट हैं या नहीं।

उन्होंने कहा, "अगर वे हमारी कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं, तो हम केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच के लिए कहेंगे।" नीतीश कुमार ने कहा, "मैंने पहले भी यह बात कही है। अपराध कोई भी कर सकता है। लेकिन कानून अपना काम करेगा।"

गौरतलब है कि सिवान के वरिष्ठ पत्रकार और दैनिक अखबार 'हिन्दुस्तान' के ब्यूरो प्रमुख राजदेव रंजन को शुक्रवार जब अखबार का कार्यालय बंद कर वापस घर जा रहे थे, तभी सिवान रेलवे स्टेशन के नजदीक अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर हत्या कर दी थी।

सिवान के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार शाह ने कहा कि मुंशी मियां सहित लगभग दर्जन भर संदिग्धों को इस मामले में हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मुंशी मियां को प्रतापुर से हिरासत में लिया गया। प्रतापपुर, जेल में बंद पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का गांव है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत