नई दिल्ली: इंटरपोल ने आतंकी संगठन जैश-ए मोहम्मद के प्रमुख और पठानकोट आतंकी हमले के मास्टरमाइंड मसूद अजहर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। इंटरपोल ने मसूद अजहर के भाई रऊफ और मुख्य हैंडलर काशिफ जॉन के खिलाफ भी नोटिस जारी किया है। पठानकोट आतंकी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के जरिए इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की अपील की थी। सीबीआई ने इंटरपोल से संपर्क करते हुए, हमले के मास्टरमाइंड के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैयार किया।
भारत की ओर से पाकिस्तान पर मसूद अजहर की गिरफ्तारी का दबाव भी बनाया गया, लेकिन उससे कुछ खास प्रभाव नजर नहीं आया। हमले की वजह से भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाली विदेश सचिव स्तर की बातचीत भी रद्द हो गई थी। वहीं, पाकिस्तान की ओर से जांच के लिए भारत आई संयुक्त टीम (जेआईटी) के हवाले से वहां की मीडिया ने दावा किया था कि पाकिस्तान का इस हमले में कोई हाथ नहीं है।
एजेंसी सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई थी कि एन.आई.ए. ने जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर के खिलाफ कई अहम सबूत जुटाए हैं। आतंकियों के हैंडलर कासिफ जान के खिलाफ भी कई सबूत जमा किए हैं। अमरीकी जांच एजैंसी एफ.बी.आई. की फोरैंसिक रिपोर्ट से आतंकियों की मूवमैंट के सबूत मिले हैं। एफ.बी.आई. ने आतंकियों की मूवमैंट की पुष्टि भी की है। यह भी सामने आया है कि आतंकियों ने मसूद को फोन किए थे।
वहीं पठानकोट हमले की जांच के लिए एन.आई.ए. की टीम पाकिस्तान जाने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए लिखित अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। बता दें कि पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सलाहकार सरताज अजीज ने बीते दिनों संकेत दिया था कि एन.आई.ए. की टीम के दौरे संबंधी भारत की अपील पर विचार कर सकता है।