1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चीन-भारत सीमा पर ITBP जवानों को मिली SUV

चीन-भारत सीमा पर ITBP जवानों को मिली SUV

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 15, 2016 03:52 pm IST,  Updated : May 15, 2016 03:52 pm IST

चीन-भारत सीमा पर स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के ऊंचाई वाली चौकियों पर तैनात जवानों के इधर-उधर जाने के लिए महंगी एसयूवी मुहैया कराई गई है।

ITBP- India TV Hindi
ITBP

दिल्ली: चीन-भारत सीमा पर स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के ऊंचाई वाली चौकियों पर तैनात जवानों के इधर-उधर जाने के लिए महंगी एसयूवी मुहैया कराई गई है। ऐसी एसयूवी आमतौर पर शहरी इलाकों में देखने को मिलती हैं। चार सफेद रंग की स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हिकल (एसयूवी) आईटीबीपी की ओर से तैनात की गई हैं। इनमें से दो टोयोटा फार्च्यूनर और दो फोर्ड इंडेवर हैं। इन वाहनों की कीमत करीब 25..25 लाख रुपए हैं।

आईटीबीपी ने इन वाहनों को अपनी कुछ सीमा चौकियों पर तैनात किया है। इन चौकियों में लद्दाख सेक्टर में समुद्र तल से 13 हजार फुट की ऊंचाई में बुर्तसे और दुंगती स्थित चौकियां तथा अरूणाचल प्रदेश में मेंचुका चौकी है जो छह हजार फुट की उंचाई पर स्थित है।

आईटीबीपी के यहां स्थित मुख्यालय ने इन वाहनों का दुरूपयोग रोकने के लिए निर्देश जारी किया है कि जवान और अधिकारी इन वाहनों का इस्तेमाल केवल संचालनात्मक कार्यों के लिए करेंगे। आईटीबीपी के महानिदेशक कृष्ण चौधरी ने कहा कि बल के पास अपने सीमा स्थानों के लिए कई तरह के चार पहिया वाहन है जिसमें चार व्हील ड्राइव सुविधा वाले वाहन भी शामिल हैं। डीजल चालित एसयूवी में उच्च शक्ति के इंजन होते हैं और ऐसे वाहनों की जरूरत पर्वतीय क्षेत्रों में जल्द पहुंचने के लिए थी।

उन्होंने कहा, हमें ऐसी ऊंचाई के लिए कुछ उच्च शक्ति के वाहनों की जरूरत थी जहां नियमित वाहन किसी एसयूवी जितने दक्ष नहीं हैं। गृह मंत्रालय ने कुछ समय पहले हमारे प्रस्ताव को मंजूर कर लिया और हमने पहले बैच में चार ऐसे चार पहिया वाहन खरीदे।

उन्होंने कहा, मैं आपसे कह सकता हूं कि हमारे जवानों के पास आवागमन के लिए जो ये स्मार्ट एवं शक्तिशाली वाहन हैं उसके मुकाबले मेरे सहित बल के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के पास भी ऐसे वाहन नहीं हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एसयूवी के भीतर कुछ बदलाव किए गए हैं ताकि उसमें एक रेडियो संचार सेट लगाया जा सके और छह-सात जवान अपने हथियारों के साथ बैठे सकें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत