नई दिल्ली: देशभर में बढ़ते गर्मी के कहर से सिर्फ इंसान ही नहीं जानवर भी परेशान हैं। जिस तरह हम कभी-कभी पारे की तपन को सहन कर झुंझला जाते हैं, वैसा ही बर्ताव अक्सर जानवरों में भी देखा जाता है। चूंकि संवेदना जानवरों में भी होती है लिहाजा वो भी मौसम की तमाम कारस्तानियों (सर्दी, गर्मी और बरसात) के प्रति सहज/ असहज प्रतिक्रिया देते हैं। बीते महीने हम सभी ने सुना और पढ़ा कि राजस्थान के फलौंदी में पारा 50 का आंकड़ा पार कर गया था। अब खबर सुनने में आई है कि राजस्थान में ही एक ऊंट ने उस वक्त अपना आपा खो दिया जब उसे उसके मालिक ने घंटों धूप में खड़ा रखा। संवेदना के लिहाज से एक ऊंट मालिक के इस असंवेदनशील बर्ताव को किसी भी लिहाज से सही नहीं माना जा सकता है।
क्या किया ऊंट ने: राजस्थान के बरमार जिले में एक ऊंट ने अपने मालिक का सिर फोड़ दिया। क्योंकि मालिक ने ऊंट को पूरे दिन धूप में खड़ा करके रखा हुआ था। यह घटना बीते शनिवार की है। गांववालों का कहना है कि उन्हें ऊंट को काबू करने में पूरे 6 घंटे का समय लगा। दरअसल हुआ यूं कि घर में मेहमान आने के चक्कर में ऊंट का मालिक उनकी खातिरदारी में लग गया और भूल गया कि उसने ऊंट को पूरे दिन बाहर बांधा हुआ है। अगले दिन जैसे ही वह ऊंट को खोलने गया तो ऊंट से उसपर हमला कर दिया। एक व्यक्ति का कहना है कि ऊंट ने मालिक को जमीन में फेंक दिया था। 19 मई को जोधपुर के फलौदी इलाके में 51 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।