1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लीबिया से भारतीय बंधकों की रिहाई मामले पर सुषमा और ओमान चांडी आमने-सामने

लीबिया से भारतीय बंधकों की रिहाई मामले पर सुषमा और ओमान चांडी आमने-सामने

 Written By: Bhasha
 Published : May 12, 2016 08:07 pm IST,  Updated : May 12, 2016 08:23 pm IST

केरल में चुनावी घमासान के बीच मुख्यमंत्री ओमन चांडी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के बीच संघर्ष प्रभावित लीबिया से 29 भारतीयों को बचाने का श्रेय लेने के लिए बहस शुरू हो गई।

libya- India TV Hindi
libya

नई दिल्ली: केरल में चुनावी घमासान के बीच गुरुवार को मुख्यमंत्री ओमन चांडी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के बीच संघर्ष प्रभावित लीबिया से 29 भारतीयों को बचाने का श्रेय लेने के लिए बहस शुरू हो गई। एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उनकी सरकार ने लीबिया से परिवारों को बचाया है और केंद्र सरकार विदेशों में रहने वाले भारतीयों के कल्याण की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। केरल में 16 मई को मतदान होना है।

मोदी केरल में एक चुनावी सभा में राज्य की तुलना सोमालिया से करने वाली अपनी विवादास्पद टिप्पणी को लेकर पहले ही विपक्षी दलों की आलोचनाओं से घिरे हैं। उन्होंने राज्य में आदिवासियों में नवजात मृत्यु दर के मामले में केरल की तुलना सोमालिया के हालात से की।

लीबिया से कुल 29 भारतीयों को निकाला गया है जिनमें से 16 केरल के हैं और गुरुवार सुबह वे कोच्चि पहुंचे। सुषमा ने ट्वीट किया, मिस्टर चांडी, हमने इराक, लीबिया और यमन से केरल के हजारों भारतीयों को निकाला। उसके लिए किसने खर्च किया?

उन्होंने कहा, मिस्टर चांडी, आपने कहा था कि केरल ने लीबिया से बचाये गये 29 भारतीयों के लिए भुगतान किया। एम्स में उपचार करा रहीं विदेश मंत्री ने इस बहस को छेड़ने के लिए चांडी को जिम्मेदार ठहराया। सुषमा को 25 अप्रैल को एम्स में भर्ती कराया गया था।

उन्होंने एक और ट्वीट किया, मिस्टर चांडी, आपने यह बहस शुरू की कि किसने खर्च किया? मैंने नहीं। हमने हमेशा यह किया क्योंकि हमारे नागरिकों के प्रति यह हमारा पवित्र कर्तव्य है।

इससे पहले चांडी ने कहा कि राज्य सरकार परिवारों की यात्रा का खर्च वहन कर रही है जिससे संकेत दिया गया कि केंद्र सरकार ने उनकी यात्रा के लिए वित्तीय सहायता नहीं दी। चांडी ने कहा, सुषमा स्वराज ने पहले लोगों को निकाले जाने के लिए खर्च किया। इस बार उनकी यात्रा के लिए हम खर्च कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत