नई दिल्ली: मथुरा में गुरुवार को जवाहर पार्क में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर हमला हुआ, जिसके बाद हिंसा भड़क गई। इस घटना में एक एसपी और एक एसओ की जान चली गई। लेकिन इन सब से बेखबर वहां की सांसद हेमा मालिनी शूटिंग में बिजी हैं।
शुक्रवार को उन्होंने ट्विटर पर नई फिल्म की शूटिंग के दौरान की फोटोज शेयर की। इसके बाद विवाद हो गया। वह सोशल साइट पर निशाने पर आ गईं। विवाद होने पर हेमा ने अपने ट्विटर अकाउंट से फोटो डिलीट कर दिए।

हेमा मालिनी ने कहा कि - कुछ समय पहले मैं मथुरा से लौटी हूं और अब मुझे वहां हुई हिंसा की जानकारी मिली है जिसमें कई पुलिसकर्मियों की जान चली गई है।
दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘ जो जगह मुझे इतनी पसंद है वहां से आई ऐसी खबर से मैं काफी दुखी हूं। अगर वहां मेरी जरूरत होगी तो मैं वहां जरूर जाउंगी।’ तीसरे ट्वीट में उन्होंने हिंसा में मारे गए एसपी मुकुल द्विवेदी और एसएचओ संतोष कुमार को श्रद्धांजलि दी। चौथे ट्वीट में उन्होंने मथुरा के लोगों से शांति बनाए रखने की गुजारिश की।
इससे पहले भी हेमा मालिनी अपनी असंवेदनशीलता को लेकर विवादों में रही हैं। राजस्थान के दौसा में उनकी मर्सिडीज एक कार से टकरा गई थी। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई थी। वह मथुरा से जयपुर जा रही थीं। उन्होंने अपने ट्वीट में बच्ची के पिता पर आरोप मढ़ा था, जबकि पुलिस का कहना था कि उनकी मर्सिटीज काफी स्पीड में थी।