1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जवाहर बाग-कांड के मास्टरमाइंड का 'द एंड', जल गया आतंक का राम'वृक्ष'

जवाहर बाग-कांड के मास्टरमाइंड का 'द एंड', जल गया आतंक का राम'वृक्ष'

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 05, 2016 09:53 am IST,  Updated : Jun 05, 2016 03:43 pm IST

मथुरा के जवाहर बाग में गुरुवार को हुई हिंसा के मास्टरमाइंड रामवृक्ष यादव की मौत हो गई है। यूपी के डीजीपी ने खुलासा किया है कि रामवृक्ष यादव हिंसा के दौरान लगी आग में

mathura violence- India TV Hindi
mathura violence

मथुरा: मथुरा के जवाहर बाग में गुरुवार को हुई हिंसा के मास्टरमाइंड रामवृक्ष यादव की मौत हो गई है। यूपी के डीजीपी ने खुलासा किया है कि रामवृक्ष यादव हिंसा के दौरान लगी आग में झुलस कर मर गया। रामवृक्ष की पहचान उसके गिरफ्तार साथियों ने की।

अपनी ही सनक का शिकार हुआ रामवृक्ष

मथुरा के जवाहर बाग़ में हुए खूनी संघर्ष की कहानी लिखने वाला, सैंकड़ों लोगों को अपने सनक की शिकार बनाने वाला और जवाहर बाग को आग में झोंकने वाला रामवृक्ष यादव खुद भी इसी आग में झुलस कर मर गया। जवाहर बाग में हुई हिंसा के बाद से पुलिस और आम लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर इस पूरी हिंसा का मास्टरमाइंड रामवृक्ष यादव कहां है, वो फरार है या फिर मारा गया।

यह भी पढ़ें-

वैसे रामवृक्ष के मारे जाने के कयास तो शनिवार सुबह से ही लगाए जा रहे थे लेकिन शाम होते-होते इसकी पुष्टि हो गई। पहले यूपी के डीजीपी जाविद अहमद ने ट्विट कर रामवृक्ष के मौत की जानकारी दी। फिर हमारे चैनल इंडिया टीवी से बात करते हुए भी उन्होंने बताया कि जवाहर बाग में पुलिस के साथ झड़प में मारे गए उपद्रवियों में से एक रामवृक्ष यादव भी है।

आग में झुलसा जवाहर बाग का गुनहगार

दरअसल जिस वक्त पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए जवाहर बाग में एंट्री की, उस दौरान पुलिस को रोकने के लिए उपद्रवियों ने वहां रखे गैस सिलेंडर में आग लगा दी लेकिन ये आग इतनी भड़क गई कि उसमें वो खुद भी जल गए साथ ही उनका सनकी लीडर भी इस आग की चपेट में आ गया।

पुलिस ने शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान जवाहर बाग से कई जले हुए शव बरामद किए जिनमें रामवृक्ष यादव के साथ ही नौ और कब्ज़ाधारियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने इनकी शिनाख्त पकड़े गए उपद्रवियों को दिखाई गई तस्वीरों के आधार पर की है। रामवृक्ष की शिनाख्त जेल में बंद कन्नौज के हरिनाथ सिंह ने की, जो रामवृक्ष के संगठन का पदाधिकारी भी था।

जवाहर बाग से हथियार और विस्फोटक बरामद

इस बीच शनिवार को जवाहर बाग में दिन भर बीडीएस और फॉरेंसिक टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान जवाहर बाग से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुआ जिनमें देसी बम बनाने का सामान भी शामिल है। फिलहाल जवाहर बाग में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है लेकिन इस बाग का आतंक अब खत्म हो चुका है। मथुरा के दो पोस्टमार्टम सेंटर में अभी भी कई जली हुई लाशें लावारिस हालत में पड़ी हुई है जिनकी पहचान होनी अभी बाकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत