नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 13 साल की बच्ची के साथ नृशंस तरीके से बलात्कार कर उसे दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर इलाके में रेलवे ट्रैक के पार फेंक दिया गया। बच्ची के साथ यह क्रूरता कथित रूप से उसके पड़ोसी किशोर ने की है। पीड़िता अनाथ और मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसे एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।
दक्षिण-पूर्वी जिले के संयुक्त पुलिस आयुक्त आरपी उपाध्याय ने बताया, 'आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी उम्र की पुष्टि की जा रही है।' वहीं पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़िता पुल प्रह्लादपुर के पास एक गांव में अपनी मामी के साथ रहती है। वह 17 मई से लापता थी, उसे खोजने के तमाम प्रयास असफल रहे थे। 18 मई को तड़के स्थानीय लोगों ने बच्ची को बेहोशी की हालत में रेलवे ट्रैक पर पड़ा देखा और पुलिस को सूचित किया। उसे एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके साथ बलात्कार होने की पुष्टि की। पुष्टि होने के बाद भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पाक्सो कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान करने में पुलिस को एक हफ्ते का समय लगा, क्योंकि पीड़िता बयान देने की स्थिति में नहीं थी। स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें पता चला कि बच्ची को अंतिम बार इस आवारा किशोर के साथ देखा गया था।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने एम्स में बच्ची से भेंट की। बाद में आयोग ने पुल प्रह्लादपुर थाने को नोटिस जारी कर पूछा कि उन्हें घटना की सूचना क्यों नहीं दी गई। बार-बार फोन करने के बावजूद टिप्पणी के लिए दक्षिण-पूर्व जिले के पुलिस उपायुक्त एमएस रंधावा से संपर्क नहीं हो सका।