1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. '3 तलाक' पर मुस्लिम महिलाओं ने कहा, हम सरकार के रुख का स्वागत करते हैं

'3 तलाक' पर मुस्लिम महिलाओं ने कहा, हम सरकार के रुख का स्वागत करते हैं

 Written By: IANS
 Published : Oct 09, 2016 08:26 pm IST,  Updated : Oct 09, 2016 09:22 pm IST

मुस्लिम महिलाओं के एक समूह ने रविवार को 'तीन तलाक' पर सरकार के रुख का स्वागत किया कि तीन तलाक महिलाओं के समानता के अधिकार का उल्लंघन करता है और यह प्रथा समाप्त होनी चाहिए।

Representative Image | AP- India TV Hindi
Representative Image | AP

नई दिल्ली: मुस्लिम महिलाओं के एक समूह ने रविवार को 'तीन तलाक' पर सरकार के रुख का स्वागत किया कि तीन तलाक महिलाओं के समानता के अधिकार का उल्लंघन करता है और यह प्रथा समाप्त होनी चाहिए। 16 महिला कार्यकर्ताओं ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘हम सुप्रीम कोर्ट में सरकार के रुख का तह-ए-दिल से स्वागत करते हैं।’

इन्हें भी पढ़ें:

उन्होंने कहा, ‘हम (सरकारी) हलफनामे के स्पष्ट बयान का स्वागत करते हैं कि तीन तलाक, निकाह, हलाला और बहुविवाह जैसी प्रथाएं महिलाओं की समानता और गरिमा का उल्लंघन करती हैं और इसलिए इन्हें समाप्त किया जाना जरूरी है।’ बयान के मुताबिक, तीन तलाक कुरान की हिदायतों और भारतीय संविधान में निहित न्याय और समानता के मूल्यों का उल्लंघन है। बयान के मुताबिक, ‘हम इस बयान का भी स्वागत करते हैं कि लैंगिक समानता के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। लैंगिक समानता और न्याय के बिना कोई प्रगति नहीं हो सकती।’

देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

बयान के मुताबिक, संविधान हमारे देश में विविधता और बहुलवाद को कायम रखने के उद्देश्य से निजी कानूनों की अनुमति देता है। लेकिन यह कहीं भी लैंगिक न्याय के सिद्धांतों के उल्लंघन की अनुमति नहीं देता। महिलाओं ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को भी उसी प्रकार कानूनी न्याय का अधिकार है, जिस प्रकार हिंदू महिलाओं को हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 और हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 के माध्यम से न्याय मिला है। बयान में कहा गया है, "शरीयत अनुप्रयोग अधिनियम, 1937 अधूरा है और पुरातन है। हम इसमें तत्काल सुधार की मांग करते हैं, ताकि मुस्लिम महिलाएं न्याय और सम्मान की जिंदगी जी सकें।"

बयान पर हस्ताक्षर करने वाली महिलाओं में आफरीन बानो, बदर सैयद, फरहत अमीन, खातून शेख, एम. नसरीन, मारिया सलीम, नसीम अख्तर, निशात हुसैन, नूरजहां साफिया नियाज, आर. जेबुन्निसा, राहिमा खातून, साफिया अख्तर, शादाब बानो, शरीफा खानम, शायरा बानो और भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन की सह-संस्थापक और सुप्रीम कोर्ट की एक याचिकाकर्ता जाकिया सोमन शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत