1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UP CM से बोले नीतीश कुमार, अखिलेश जी घबराएं नहीं, शराबबंदी लागू करें

UP CM से बोले नीतीश कुमार, अखिलेश जी घबराएं नहीं, शराबबंदी लागू करें

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 15, 2016 07:18 pm IST,  Updated : May 15, 2016 07:41 pm IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को उत्तर प्रदेश की सपा सरकार से कहा कि वह प्रदेश में पूर्णतया शराबबंदी लागू करे।

Nitish Kumar
- India TV Hindi
Nitish Kumar

लखनऊ: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को उत्तर प्रदेश की सपा सरकार से कहा कि वह प्रदेश में पूर्णतया शराबबंदी लागू करे। बिहार में पूर्णतया शराबबंदी लागू कर चुके नीतीश ने यहां किसान मंच के एक कार्यक्रम में कहा, घबराइए नहीं अखिलेश जी। (पूर्णतया शराबबंदी) लागू कीजिए।

उन्होंने बताया कि जब बिहार में शराबबंदी लागू की गई थी तो पीने वालों को तीन चार दिन काफी परेशानी हुई, लेकिन उसके बाद सब शांत और शुद्ध हो गए। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते राज्य में शराबबंदी लागू कर चुके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नीतीश ने कहा कि वह भाजपा शासित सभी राज्यों में पूर्णतया शराबबंदी लागू करें।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से यह आग्रह भी किया कि वह बिहार से सटे उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में सीमा से कम से कम पांच किलोमीटर की दूरी के भीतर शराब ना बिकने दें क्योंकि बिहार में शराबबंदी के बाद लोग सीमावर्ती जिलों में आकर शराब पी रहे हैं।

पत्रकार राजदेव की हत्या के दोषियों को बख्शेंगे नहीं: नीतीश

बिहार में एक हिन्दी दैनिक के पत्रकार की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नीतीश ने कहा, बिहार में हाल में जो हो रहा है, वह दुखदायी है। मैं जनता को आश्वासन देता हूं कि जो भी दोषी होगा, बख्शा नहीं जाएगा।

वरिष्ठ पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या की निन्दा करते हुए उन्होंने कहा कि मामले की तेजी से जांच की जाएगी और बिहार पुलिस दोषी को बख्शेगी नहीं। पत्रकारों के स्थानीय संगठनों ने भी नीतीश से मुलाकात कर राजदेव के हत्यारों को सजा दिलाने संबंधी ज्ञापन सौंपे। नीतीश ने शहर के पत्रकारों को आश्वासन दिया कि सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन के हत्यारों को बिहार सरकार हरहाल में दंडित करेगी।

राजदेव की शुक्रवार को सीवान में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस सिलसिले में तीन संदिग्ध पकडे हैं। खबर है कि गिरफ्तार एक संदिग्ध मोहम्मद शहाबुद्दीन का नजदीकी सहयोगी है। सीवान पुलिस का कहना है कि जो गिरफ्तार हुए हैं, उनके शहाबुद्दीन से नजदीकी संबंध हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत