लखनऊ: उत्तर प्रदेश में घर बैठे ऑनलाइन खरीदारी करना अब महंगा हो जाएगा, क्योंकि राज्य सरकार ने इस पर कर लगाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में ऑनलाइन खरीददारी पर पांच फीसदी कर लगाने का फैसला किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद कहा, "ऑनलाइन खरीदारी का चलन कुछ सालों में काफी तेजी से बढ़ा है। इसलिए इस कमाई का कुछ हिस्सा सरकार को भी मिलना चाहिए।" कैबिनेट की बैठक में करीब 40 फैसलों को मंजूरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "वाराणसी में मेट्रो चलाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दे दी गई है। वाराणसी में दो कॉरिडोर होंगे। भेलूपुर से बीएचयू 9.350 किलोमीटर व बेनिया बाग से सारनाथ 9.885 किमी तक दो कॉरिडोर बनेंगे।"दोनों कॉरिडोर में कुल 26 स्टेशन होंगे। भेलूपुर से बीएचयू में 17 व बेनिया बाग से सारनाथ के बीच नौ स्टेशन होंगे। दोनों कॉरिडोर के निर्माण पर 13133 करोड़ रुपए खर्च आएगा। अखिलेश ने कहा कि उनकी सरकार किसानों की सुविधाओं के लिए 6000 हाईब्रिड नलकूप लगाने जा रही है, जिसकी खास बात यह होगी कि ये सौर ऊर्जा व बिजली दोनों से चलेंगे।
उन्होंने कहा कि हाईब्रिड नलकूप लगाने के लिए स्थानों का चिह्नीकरण जल्द शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए हमीरपुर में 50 एकड़ जमीन चिह्न्ति की गई है, और जैविक खेती के लिए बेहतर मार्केटिंग का फंडा भी अपनाया जाएगा।