1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'जिन हाथों में लैपटॉप होने चाहिए, उन हाथों में हैं पत्थर'

'जिन हाथों में लैपटॉप होने चाहिए, उन हाथों में हैं पत्थर'

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 09, 2016 05:17 pm IST,  Updated : Aug 09, 2016 05:17 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अशांत कश्मीर के लोगों से संवाद की कोशिश की तथा इंसानियत, जम्हूरियत :लोकतंत्र: और कश्मीरियत के ढांचे के तहत वार्ता की इच्छा का संकेत दिया।

modi- India TV Hindi
modi Image Source : PTI

भाबड़ा (मध्य प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अशांत कश्मीर के लोगों से संवाद की कोशिश की तथा इंसानियत, जम्हूरियत :लोकतंत्र: और कश्मीरियत के ढांचे के तहत वार्ता की इच्छा का संकेत दिया। एक महीने से भी अधिक समय से चल रही अशांति पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए मोदी ने कहा कि यह देखना बड़ा पीड़ाजनक है कि जिन युवकों के पास लैपटॉप, पुस्तकें और क्रिक्रेट के बैट होने चाहिए, उन्हें पत्थर दिए जा रहे हैं और उन्होंने उनसे धरती के इस स्वर्ग पर शांति एवं सौहार्द्र कायम रखने की अपील की। इस अशांति के दौरान 55 लोगों की जानें जा चुकी हैं ।

उन्होंने कहा कि कश्मीर को वही स्वतंत्रता प्राप्त है जो हर जगह भारतीय महसूस करते हैं और महबूबा मुफ्ती सरकार एवं केंद्र राज्य की कठिनाइयों का हल करने के लिए मिलकर काम कर रही है लेकिन कुछ लोगों को यह हजम नहीं हो रहा और वे विध्वंस के रास्ते पर हैं। जम्मू कश्मीर में महीने भर से अधिक समय से जारी अशांति में 55 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

मोदी ने कहा, जब अटल बिहारी वाजपेयरी प्रधानमंत्री थे तब उन्होंने इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत का रास्ता अपनाया था, हम भी उसी रास्ते पर चलते हैं। मैं चंद्रशेखर आजाद की इस महान जन्मस्थली से कश्मीर के भाइयों और बहनों से कहना चाहता हूं कि कश्मीर के पास वही ताकत है जो भारत :के अन्य हिस्सों: को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने दी थी। कश्मीर को वही आजादी है जो हर भारतीय महसूस करता है।

मोदी ने आगे कहा, “कश्मीर अमन चाहता है, अपनी ज़िंदगी जीने के लिए कश्मीरी जिस तरह की मदद चाहते हैं केंद्र उन्हें मदद देने को तैयार है। हम कश्मीर में विकास चाहते हैं।” उन्होंने कहा, “कश्मीर में केंद्र शासित सरकार हो या महबूबा जी सीएम हों, हम हर परेशानी का रास्ता विकास से ढूंढना चाहते हैं।”

इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस को धन्यवाद देते हुए कहा, मैं कांग्रेस को धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने कश्मीर के हालात को बहुत ही मझे हुए तरीके से हल किया.

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत