मुंबई: मुंबई सहित महाराष्ट्र के पश्चिमी पट पर अगले 24 से 48 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना है और हवाई अड्डों सहित विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों को चेतावनी दे दी गयी है।
भारतीय मौसम विभाग आईएमडी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि के दौरान क्षेत्र में 250 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।
आईएमडी पुणे में जलवायु निगरानी और विश्लेषण के प्रमुख ए के श्रीवास्तव ने बताया, मुंबई, दक्षिण गुजरात, कोंकण, गोवा और पश्चिम विदर्भ में अगले 24 से 48 घंटों के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। यह एक गंभीर स्थिति है। हमने हवाई अड्डे सहित संबंधित विभागों को जरूरी चेतावनी जारी की है।
उन्होंने बताया, कल तक, हमें भारी बारिश होने का अनुमान था लेकिन सेटेलाइट तस्वीरों और उनके पैटर्न के आधार पर हम बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मुंबई क्षेत्र में अगले 24 से 48 घंटों के बीच भारी बारिश होने का अनुमान है।