नई दिल्लीः मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर द्वारा बुधवार, 9 नवम्बर 2016 को केन्द्रीय विद्यालय नं. 02, दिल्ली छावनी के डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ऑडिटोरियम में केन्द्रीय विद्यालय संगठन के राष्ट्रीय एकता शिविर एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी 2016 का उदघाटन किया जाएगा। राष्ट्रीय एकता शिविर एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी की मुख्य संकल्पना कई अर्थों में विशिष्ट है। 25 राज्यों में फैले 25 क्षेत्रीय कार्यालय देश के 25 राज्यों और अन्य 25 देशों की विरासत जैसे नृत्य, संगीत, सामाजिक उन्नति इत्यादि का प्रदर्शन करते हैं।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
विद्यार्थियों का यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम एक विस्तृत प्लेटफॉर्म में उनकी सृजनात्मकता, परंपरा, कलात्मक कौशलों इत्यादि का प्रदर्शन करती है। इससे न केवल भारत के अन्य राज्यों की संस्कृति, परम्पराओं, कला एवं वास्तुकला इत्यादि को जानने के अवसर प्राप्त होते हैं अपितु उन्हें विश्व के अन्य देशों की संस्कृति कला इत्यादि के विषय में भी जानकारी प्राप्त करने के अवसर सुलभ होते है। विद्यार्थीगण विभिन्न सूचनाओं की प्राप्ति की प्रक्रिया में अनेक चुनौतियों और भौगोलिक अवरोधों का सामना करने में सफल होते हैं। साथ ही उनमें राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत होती है और विश्व एकीकरण का भी बोध सबल होता है। संक्षेप में, इस कार्यक्रम से विद्यार्थी न केवल विभिन्न कलाओं को प्रदर्शित करने में सफल होते हैं अपितु उन्हें ऐसी प्रक्रियाओं की भी जानकारी प्राप्त होती है जिनके द्वारा वे सीखते और ज्ञान अर्जित करते हैं।
विद्यार्थीगण अंग्रेजी और हिन्दी वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, परियोजन प्रदर्शन एवं प्रस्तुतीकरण, रूपक, एकल गान, समूहगान, समूह नृत्य, संस्कृत श्लोक उच्चारण, अंग्रेजी वक्तृता, हिन्दी काव्य पाठ, संस्कृत प्रश्नोत्तरी तथा ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। इस मेगा समारोह में वर्तमान में करीब 1200 विद्यार्थी और उनके 125 एस्कॉर्ट हिस्सा ले रहें हैं। इस अनुपम समारोह की एक अन्य विशेषता यह भी है कि इसमें राष्ट्र के एक क्षेत्र के विद्यार्थी देश के दूसरे क्षेत्र और विश्व के देश की विविध प्रदर्शनी एवं संस्कृति का प्रदर्शन करते हैं। इस एकीकरण शिविर में विद्यार्थियों को अपनी मौखिक सम्प्रेषण कला, सार्वजनिक वक्तृता, अनुसंधान, टीम-कार्य, योजना बनाना, आत्मनिर्भरता, लक्ष्य निर्धारण, प्रौद्योगिकी, ऑनलाइन साक्षरता जैसे विभिन्न कौशलों को विकसित करने का एक प्रामाणिक मंच उपलब्ध होता है। राष्ट्रीय एकता शिविर व राष्ट्रीय सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का एक उद्देश्य यह भी है कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित हो तथा भारतीयता एवं सार्वभौमिक भाई-चारे का भाव भी जागृत हो।
केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त संतोष कुमार मल्ल ने बताया कि इस प्रकार के समारोह आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपने विचार निष्पक्ष रूप से अभिव्यक्त करने, विभिन्न देशों और राज्यों के लोगों और स्थानों के विषय में उनकी सामाजिक आर्थिक पृष्ठभूमि, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा उनके ऐसे पर्यावरण इत्यादि से परिचित करवाना है जहां के वे अधिवासी नहीं हैं। साथ ही उनमें उनके कलात्मक कौशल और सृजनशीलता का विकास करना भी इसका एक प्रमुख उद्देश्य है।