चंडीगढ़: चंडीगढ़ सहित पंजाब एवं हरियाणा के कई क्षेत्रों में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई। इस बारिश से क्रिसमस के मौके पर शिमला और कसौली जैसे पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने की योजना बनाने वालों को कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह इस सीजन की पहली बारिश है।
चंडीगढ़ में बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में रविवार सुबह बारिश हुई।
हाल के दिनों में यह क्षेत्र घने कोहरे से ढका हुआ है जिससे सड़के, रेल एवं वायु यातयात प्रभावित हुआ है।
MP में धूप खिली
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रविवार की सुबह धूप खिली रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटो में राज्य के अधिकांश हिस्सों का मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। राज्य में रविवार की सुबह ठिठुरन भरी रही और ठंडी हवाओं ने सिहरन पैदा की, वहीं मौसम साफ होने से खिली धूप ने ठंड से राहत दिलाई। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में उछाल दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में जबलपुर, शहडोल संभागों के अलावा बैतूल व दमोह में शीतलहर चल सकती है तो वहीं रीवा संभाग व मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, छतरपुर व पन्ना जिलों में कोहरा छा सकता है।
राज्य के मौसम में बदलाव के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है।