नई दिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले साल होने वाले प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव राम मंदिर मुद्दे पर नहीं लड़ेगी, क्योंकि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक मुद्दा है। राजनाथ ने कहा, "राम मंदिर कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक मुद्दा है। यह मामला न्यायाधीन भी है। हम इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश चुनाव नहीं लड़ेंगे। हम विकास को मुद्दा बनाएंगे।"
उत्तर प्रदेश चुनाव में प्रचार अभियान का चेहरा बनने की संभावना के बारे में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ ने कहा कि राज्य में भाजपा नेताओं की कमी नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं अपनी पार्टी के लिए प्रचार करूंगा, सार्वजनिक सभाएं करूंगा। लेकिन राज्य में पार्टी के पास तमाम कद्दावर नेता हैं।"