1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज रात 12 बजे के बाद कहीं नहीं चलेंगे पुराने 500 और 1000 के नोट

आज रात 12 बजे के बाद कहीं नहीं चलेंगे पुराने 500 और 1000 के नोट

 Written By: India TV News Desk
 Published : Nov 24, 2016 10:20 am IST,  Updated : Nov 24, 2016 10:20 am IST

नई दिल्ली: नोटबंदी के सोलह दिन हो चुके हैं और आज रात से 500-1000 के पुराने नोट इतिहास का हिस्सा हो जाएंगे। कुछ जरूरी सुविधाओं के लिए सरकार की तरफ से 500 और हजार के

Indian Currency- India TV Hindi
Indian Currency

नई दिल्ली: नोटबंदी के सोलह दिन हो चुके हैं और आज रात से 500-1000 के पुराने नोट इतिहास का हिस्सा हो जाएंगे। कुछ जरूरी सुविधाओं के लिए सरकार की तरफ से 500 और हजार के नोट दिए जाने की छूट दी गई थी लेकिन अब उन जगहों पर भी ये पुराने नोट आधी रात के बाद से नहीं चलेंगे, यानी पेट्रोल पंप, सरकारी अस्पताल, ट्रेन-हवाई जहाज और मेट्रो के टिकट समेत 17 जरुरी सेवाओं के लिए रात 12 से पुराने बड़े नोटों का लेन-देन बंद हो जाएगा। साथ ही नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर भी आधी रात से टोल टैक्स देना होगा। ऐसे में अब जिनके पास भी ये नोट बचे हुए हैं वो सिर्फ बैंक में जाकर ही इन्हें जमा करा पाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर को 500 और हजार के नोट बंद करने का ऐलान किया। इसके बाद बैंकों में 500 और हजार के पुराने नोट बदलने के लिए अफरातफरी मच गई। बैंकों के ऊपर बढ़ते दबाव और लोगों की परेशानियों को देखते हुए सरकार ने कई जरूरी सेवाओं में इन नोटों को चलाने की छूट दी थी। लेकिन आज आधी रात से 500 और हजार के पुराने नोट बाजार में चलन से पूरी तरह से बाहर हो जाएंगे।

माना जा रहा है ऐसे में बैंको पर दबाव और बढ़ सकता है। हालांकि सरकार की तरफ से कैश की किल्लत को दूर करने के लिए तमाम तरह की दूसरी घोषणाएं की जा रही हैं। फसल बुवाई का समय है तो किसानों को राहत पहुंचाने के लिए नाबार्ड के जरिए किसानों को फंडिंग की व्यवस्था, जिला सहकारी बैंकों को 21,000 करोड़ रुपये दिए जाने और फसल लोन के लिए बैंकों की लिस्ट तैयार करने जैसे फैसले किए गए हैं।

शहरों में लेन देन करने वालों के लिए भी कई उपाय किए गए हैं, जिसमें डेबिट कार्ड्स पर सर्विस चार्ज खत्म करना, रुपे कार्ड का स्विचिंग चार्ज पूरी तरह खत्म करना, 31 दिसंबर तक फोन से पेमेंट पर चार्ज न लेना, पेटीएम जैसे ई-वॉलेट के जरिए खर्च की सीमा 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करना, 31 दिसंबर तक ऑनलाइन टिकट पर सर्विस चार्ज खत्म करना शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत