पठानकोट: खुफिया विभाग की सूचना के मद्देनजर पठानकोट के एयरफोर्स स्टेशन में सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद करने के साथ साथ देखते ही गोली मारने का आदेश भी जारी कर दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को ‘विश्वसनीय खुफिया जानकारी’ मिली है जिस वजह से स्टेशन की दीवारों पर पोस्टर चिपकाए गए हैं जिनमें देखते ही गोली मारने का आदेश लिखा हुआ है।
एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि इस बीच सेना, पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सीमा पर पांच घंटे का एक संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला ताकि सीमा से सटे गांवों में रहने वाले लोगों में एक विश्वास जग सके।
एसएसपी ने कहा कि सीमा पर मौजूद गांव, विशेषकर जीरो लाइन पर स्थित गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा, “मैने सेना और बीएसएफ से क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मदद मांगी है। हमने इन क्षेत्रों में 15 गश्ती वाहनों की भी तैनाती की है जो 20 बेहद संवेदनशील गांवों की सुरक्षा में लगी हैं।”
गौरतलब है कि साल 2016 की शुरुआत में ही 2 जनवरी को कुछ हथियारबंद लोगों ने एयरबेस पर हमला कर दिया था। इस आपरेशन में हमारे 7 जवान शहीद हुए थे। हालांकि हमारे एनएसजी कमांडों ने उन्हें कुछ देर में ही ढेर कर दिया था।