नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर परोक्ष हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि हो सकता है कि घृणा की राजनीति करने वालों ने पार्टी को राजनीतिक शक्ति से वंचित कर दिया हो, लेकिन वे भारत को एकजुट रखने वाली उसकी विचारधारा उससे नहीं ले सकते। उनका बयान भाजपा की असम में जबर्दस्त जीत के संदर्भ में है, जहां कांग्रेस का 15 साल पुराना शासन खत्म हुआ है।
सोनिया ने कहा, "राजीव गांधी ने देश में सूचना क्रांति लाई और 18 साल के युवा को मतदान का अधिकार दिया।" उन्होंने कहा कि राजनीति और समाज में बदलाव आए और जिसे हमने आगे बढ़ाया, उसकी शुरुआत राजीव गांधी ने की थी। वह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से गरीबों की जिंदगी बदलना चाहते थे। उन्होंने कहा, "राजीव आज नहीं हैं, लेकिन वह मारे अंदर हमेशा रहेंगे। उनके द्वारा उठाए गए कदमों ने भारत का सिर ऊंचा करने में मदद की।"
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने उनके स्मारक वीर भूमि पहुंचे। कांग्रेस के अन्य नेताओं में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल, सुशील कुमार शिंदे, पी. सी. चाको, शीला दीक्षित और अजय माकन ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।