1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश में टकराव चाहते है फर्जी गौरक्षक, दंडित किया जाए: PM मोदी

देश में टकराव चाहते है फर्जी गौरक्षक, दंडित किया जाए: PM मोदी

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 07, 2016 06:43 pm IST,  Updated : Aug 07, 2016 07:40 pm IST

गाजवेल (तेलंगाना): गौरक्षकों पर प्रहार जारी रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज लोगों से इन फर्जी रक्षकों से सचेत रहने को कहा जो समाज और देश को बांटना चाहते हैं और राज्यों से इन्हें

narendra modi- India TV Hindi
narendra modi

गाजवेल (तेलंगाना): गौरक्षकों पर प्रहार जारी रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज लोगों से इन फर्जी रक्षकों से सचेत रहने को कहा जो समाज और देश को बांटना चाहते हैं और राज्यों से इन्हें कड़ा दंड देने को कहा। पशुओं को देश की सम्पत्ति बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग गौरक्षा के नाम पर समाज में तनाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं देशवासियों को बताना चाहता हूं कि ऐसे फर्जी गौरक्षकों से सेचत रहें। प्रधानमंत्री ने राज्यों से ऐसे लोगों की पहचान करने को कहा जो समाज के तानेबाने को नष्ट करना चाहते हैं और इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

प्रधानमंत्री ने कार्यभार संभालने के बाद तेलंगाना के पहले दौरे पर आने के बाद एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ऐसे गिने चुने कुछ लोगों को उनके निहित स्वार्थ के लिए आपके अच्छे कार्यो को नष्ट करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। मोदी ने यहां कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद गाय रक्षकों पर आरोप लगाया कि वे समाज में तनाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं और कहा कि ऐसे लोगों का भंडाफोड़ होना चाहिए और उन्हें कड़ा दंड मिलना चाहिए।

मोदी ने कहा, मैं हर किसी से कहना चाहता हूं कि इन फर्जी गाय रक्षकों से सावधान रहें। इन मुट्ठी भर गाय रक्षकों का गाय संरक्षण से कोई लेना-देना नहीं है बल्कि वे समाज में तनाव पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, गाय रक्षा के नाम पर ये फर्जी गाय रक्षक देश की शांति और सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। मैं चाहता हूं कि वास्तविक गाय रक्षक उनका (फर्जी गाय रक्षकों) भंडाफोड़ करें और राज्य सरकारों को उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

पशुओं को देश का धन बताते हुए प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा अवारा गायों की रक्षा करने और कृषि कार्यों के लिए उन्हें किसानों को देने के अभियान का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गाय धन है न कि बोझ। उन्होंने कहा, गाय कभी बोझ नहीं हो सकती। गाय के मूत्र और गोबर का प्रयोग खेती में किया जाता है। उन्होंने कहा कि गाय को देश के आर्थिक विकास से जोड़ा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत विविधता का देश है। मोदी ने कहा, देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना हमारी मुख्य जवाबदेही होनी चाहिए। इसको पूरा करने के लिए देश के हर व्यक्ति को गाय की रक्षा और सेवा करनी चाहिए। इस तरह की सेवा से राष्ट्र का वैभव बढ़ता है। यह देश के लिए समस्या पैदा नहीं करता।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत