1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ढाका से कल विमान के जरिए भारत लाया जाएगा तारिषी का शव

ढाका से कल विमान के जरिए भारत लाया जाएगा तारिषी का शव

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 03, 2016 02:33 pm IST,  Updated : Jul 03, 2016 02:33 pm IST

सुषमा स्वराज ने बताया कि ढाका के एक रेस्त्रां पर इस्लामी आतंकवादियों के हमले में मारे गए लोगों में शामिल तारिषी जैन का शव कल दिल्ली लाया जाएगा।

Tarishi Jain- India TV Hindi
Tarishi Jain

नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बताया कि ढाका के एक रेस्त्रां पर इस्लामी आतंकवादियों के हमले में मारे गए लोगों में शामिल तारिषी जैन का शव कल दिल्ली लाया जाएगा। विदेश मंत्री ने ट्विटर पर पोस्ट किया, यह एक वीभत्स हत्या का मामला है - एक अप्राकृतिक मौत है। कुछ कानूनी कार्रवाइयों को किया जाना बाकी है।

सुषमा स्वराज ने बताया कि तारिषी का शव सोमवार को विमान के जरिए दिल्ली लाया जाएगा। यह तारिषी के पिता की सहमति से हो रहा है। उन्होंने बताया, परिवार फिर तारिषी के शव को फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) ले जाएगा। दुख की इस घड़ी में देश तारिषी के परिवार के साथ है और उनके लिए वीजा की व्यवस्था कर दी गई है।

यहां के अधिकारियों के मुताबिक, यूसी बर्कले यूनीवर्सिटी की छात्रा तारिषी ढाका में छुट्टियां मनाने गई थी। उसके पिता बांग्लादेश में पिछले 15-20 वर्षों से कपड़ों का कारोबार कर रहे हैं।

ढाका के राजनयिक क्षेत्र में स्थित होले आर्टिजन बेकरी पर कल हुए आतंकी हमले के जवाब में कमांडो जवाबी कार्रवाई शुरू करते इससे पहले आतंकवादियों ने बेकरी के अंदर आठ इतालवी नागरिकों, सात जापानी और भारतीय छात्रा सहित 20 विदेशी नागरिकों की नृशंस हत्या कर दी थी। बहरहाल, कार्रवाई में छह हमलावरों के मारे जाने और एक को जिंदा पकड़ने के साथ ही बांग्लादेश में अब तक का सबसे भयानक आतंकी हमला खत्म हो गया। अभियान के बाद बेकरी परिसर में तलाशी के दौरान हमले के शिकार हुए लोगों के शव बरामद हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत